Uttarakhand News: त्योहारों से पहले धामी सरकार का बड़ा एक्शन, मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा

त्योहारों के मौसम में मिलावट और जमाखोरी रोकने के लिए उत्तराखंड में धामी सरकार ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी जिलों में दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सैंपल लिए जा रहे हैं, एक्सपायरी सामान नष्ट कराया जा रहा है और नियम तोड़ने वालों को नोटिस दिए जा रहे हैं।

Uttarakhand News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 25, 2026

Uttarakhand News: त्योहारों का मौसम शुरू होते ही उत्तराखंड सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को सौंपी गई है।

त्योहारों में मिलावटखोरी पर धामी सरकार का बड़ा अभियान

आपको बता दे कि, राज्य सरकार के निर्देश पर सोमवार को सभी जिलों में प्रशासनिक और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमें मैदान में उतरीं। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। जांच के दौरान कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए, जबकि सड़ी-गली और एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य गुणवत्ता के साथ चीनी जमाखोरी और घरेलू सिलेंडर की भी जांच

जांच अभियान केवल खाद्य पदार्थों तक सीमित नहीं है। टीमों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ-साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

चमोली में एक्सपायरी सामान मिला, दुकानदारों को नोटिस

चमोली जिले में जांच टीम ने तीन खाद्य नमूने लिए और उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। संबंधित सामग्री को नष्ट भी कराया गया। वहीं, दो कंपनियों के उत्पादों की पैकेजिंग और लेबलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली, जिसके बाद निर्माताओं को नोटिस देने की कार्रवाई शुरू की गई।

रुद्रप्रयाग से देहरादून तक खाद्य जांच अभियान तेज

रुद्रप्रयाग में टीम ने 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह खाद्य नमूने लिए। छह दुकानों पर एक्सपायरी डेट का सामान मिलने के बाद दुकानदारों को चेतावनी दी गई और सामग्री नष्ट कराई गई। अल्मोड़ा में मिठाइयों के दो नमूने लिए गए, जबकि बागेश्वर में आठ प्रतिष्ठानों की जांच कर तीन सैंपल लिए गए। पिथौरागढ़ में भी दो नमूने जांच के लिए लिए गए।

चंपावत में 21 प्रतिष्ठानों की जांच

चंपावत जिले में जांच अभियान एक अगस्त से जारी है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें से 10 स्थानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि सर्वे के लिए तीन अन्य सैंपल लिए गए हैं। प्रशासन ने त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

देहरादून में 70 प्रतिष्ठानों की जांच, 48 सैंपल लिए गए

राजधानी देहरादून में भी सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन की टीम ने 11 खाद्य नमूने एकत्र किए और तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्था में सुधार के लिए चेतावनी दी। एक अगस्त से अब तक जिले में 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है और 48 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

देहरादून में नोटिस और कोर्ट केस भी दर्ज

देहरादून में सर्वे के लिए अलग से 20 सैंपल लिए गए हैं। अब तक 11 दुकानदारों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा एडीएम कोर्ट में चार वाद भी दर्ज कराए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

हरिद्वार में 47 दुकानों का निरीक्षण, 27 सैंपल लिए

हरिद्वार जिले में 17 अगस्त से जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और 27 खाद्य नमूने लिए गए। 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, अलग-अलग न्यायालयों में चार मामले भी दर्ज कराए गए हैं।

पौड़ी और नैनीताल में भी खाद्य सुरक्षा जांच

पौड़ी जिले में सोमवार को 10 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें से छह को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। धारा 36 के तहत एक वाद भी स्वीकृत किया गया है। नैनीताल में 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए और एक नमूना सर्वे के लिए रखा गया।

मानकों पर खरा नहीं उतरा मिठाई का सामान

नैनीताल में एक प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं, मानकों के अनुरूप नहीं मिलने वाली करीब 10 किलो मिठाई को नष्ट कराया गया। इससे साफ है कि प्रशासन त्योहारों के दौरान खाद्य गुणवत्ता को लेकर किसी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है।

टिहरी और उत्तरकाशी में भी सख्त कार्रवाई

टिहरी जिले में सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह खाद्य नमूने लिए गए। उत्तरकाशी में सोमवार को 15 स्थानों पर जांच की गई और चार सैंपल एकत्र किए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने के एक मामले में नोटिस जारी किया गया है।

मिलावट और जमाखोरी पर लगातार नजर

सरकार ने सभी जिलों को जांच अभियान में तेजी लाने और कार्रवाई की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, एक्सपायरी सामान, लाइसेंस, पैकेजिंग और जमाखोरी समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है।