Uttarakhand News: उत्तराखंड में बड़ा साइबर संकट! FIR पोर्टल ठप, लाखों लोगों के स्वास्थ्य डेटा पर खतरा

उत्तराखंड में सरकारी डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। पुलिस की ऑनलाइन FIR सेवा करीब 15 दिनों से प्रभावित है, वहीं स्वास्थ्य प्राधिकरण के डेटा में भी अनधिकृत सेंध की आशंका सामने आई है। आखिर सिस्टम में किसने सेंध लगाई और क्या लाखों लोगों का डेटा सुरक्षित है?

उत्तराखंड में बड़ा साइबर संकट!

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 29, 2026

Uttarakhand News: उत्तराखंड में साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। राज्य पुलिस की ऑनलाइन FIR से जुड़ी सुविधा पिछले करीब 15 दिनों से प्रभावित बताई जा रही है। वहीं, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के डेटा में भी अनधिकृत तरीके से सेंध लगने की आशंका जताई गई है। दोनों मामलों ने सरकारी डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Uttarakhand News: टपकेश्वर महादेव शोभायात्रा में पहुंचे CM धामी, अग्निवीरों

ऑनलाइन FIR पोर्टल पर नहीं खुल रही सेवा

आपको बता दें कि, उत्तराखंड पुलिस नागरिकों को ऑनलाइन FIR दर्ज करने और पहले से दर्ज मामलों की जानकारी देखने जैसी सुविधाएं देती है। इसके लिए सीसीटीएनएस उत्तराखंड पोर्टल का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से गूगल सर्च के जरिए मिलने वाला FIR सर्च लिंक काम नहीं कर रहा है। लिंक खोलने पर सर्वर एरर दिखाई दे रहा है। पड़ताल के दौरान सूत्रों से जानकारी मिली कि सिस्टम पर कथित साइबर हमले के कारण सर्वर को नुकसान पहुंचा है और इसी वजह से ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

वैकल्पिक पोर्टल से भी नहीं देख पा रहे FIR

पुरानी सेवा प्रभावित होने के बाद नागरिकों के लिए एक वैकल्पिक लिंक उपलब्ध कराया गया है। हालांकि, इस पोर्टल पर भी FIR देखने की सुविधा फिलहाल तकनीकी समस्या के कारण बंद बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि संबंधित सिस्टम की सुरक्षा को देखते हुए कुछ सेवाओं को प्रतिबंधित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पहले उपलब्ध एक लिंक का कथित तौर पर दुरुपयोग किया जा रहा था और ठगी करने वाले लोग FIR की कॉपी निकालकर उसका गलत इस्तेमाल कर रहे थे। इसी वजह से उस लिंक को बंद कर दिया गया है। अब पीड़ित पक्ष अपने लॉगिन के जरिए सीधे FIR देखने की सुविधा का इस्तेमाल कर सकता है।

2023 में भी CCTNS पर हुआ था साइबर हमला

उत्तराखंड के CCTNS सिस्टम पर साइबर हमले का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले वर्ष 2023 में भी इस सिस्टम को साइबर हमले का सामना करना पड़ा था। मौजूदा मामले में साइबर हमले की वजह से सर्वर प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी यानी ITDA के अधिकारी इस मामले में फिलहाल विस्तृत जानकारी देने से बच रहे हैं।

स्वास्थ्य प्राधिकरण के डेटा पर भी खतरा

दूसरी ओर, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के डिजिटल डेटा की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं। आयुष्मान योजना और गोल्डन कार्ड जैसी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस प्राधिकरण के सिस्टम में लाखों लोगों और कर्मचारियों से संबंधित जानकारी मौजूद है। सूत्रों के अनुसार, 21 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे प्राधिकरण के क्रेडेंशियल यानी आईडी और पासवर्ड से जुड़ी जानकारी कथित तौर पर कॉपी किए जाने का अलर्ट मिला था।

डेटा चोरी की आशंका, जांच जारी

डेटा कॉपी होने की सूचना सामने आने के बाद ITDA ने स्वास्थ्य प्राधिकरण के अधिकारियों से जवाब मांगा है। हालांकि, प्राधिकरण की ओर से कहा गया है कि जिस समय डेटा कॉपी किए जाने की बात सामने आई, उस वक्त कार्यालय बंद था।

इसके बावजूद यह जांच की जा रही है कि कहीं किसी अनधिकृत व्यक्ति ने कार्यालय या सिस्टम तक पहुंच तो नहीं बनाई। साइबर अपराधियों द्वारा डेटा कॉपी किए जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अपर निदेशक आईटी अमित शर्मा के मुताबिक, ITDA ने मामले को लेकर जानकारी मांगी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों मामलों में जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सिस्टम तक पहुंच कैसे बनाई गई और कितना डेटा प्रभावित हुआ।

Roorkee Double Murder : राखी से पहले रुड़की में डबल मर्डर, भाई ने