UP PET 2026 : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। पहले यह परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जानी थी, लेकिन आयोग ने अब परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार UPSSSC PET 2026 परीक्षा अब 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। ऐसे में PET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को पुराने शेड्यूल के बजाय संशोधित परीक्षा तिथियों को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी की योजना बनानी होगी।
UP PET 2026 परीक्षा दो शिफ्ट में होगी

आयोग के संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक PET 2026 परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली में अभ्यर्थियों की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की सलाह दी जाती है। परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी एडमिट कार्ड में दी जाएगी।
UPSSSC PET Admit Card 2026 कब आएगा?
UPSSSC PET 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड की घोषणा जल्द की जा सकती है। आयोग द्वारा एडमिट कार्ड जारी किए जाने के बाद उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध एडमिट कार्ड सेक्शन पर क्लिक करना होगा। यहां UPSSSC PET Admit Card 2026 से संबंधित लिंक पर जाना होगा।
इसके बाद मांगी गई लॉगिन डिटेल दर्ज करनी होगी। जानकारी सबमिट करने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा। अभ्यर्थी इसमें अपना नाम, परीक्षा केंद्र, परीक्षा तारीख, शिफ्ट और अन्य विवरण ध्यान से जांच लें। इसके बाद एडमिट कार्ड डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
UPSSSC PET 2026 Exam Pattern क्या है?

UPSSSC PET 2026 में अभ्यर्थियों से विभिन्न विषयों से बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा, यानी पेपर कुल 100 अंकों का होगा। परीक्षा में भारतीय इतिहास, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, भारतीय संविधान एवं लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक अंकगणित, सामान्य हिंदी और सामान्य अंग्रेजी से सवाल पूछे जाएंगे।
इसके अलावा तर्क एवं तर्कशक्ति, सामयिकी, सामान्य जागरूकता, अपठित हिंदी गद्यांश का विवेचन एवं विश्लेषण तथा ग्राफ की व्याख्या एवं विश्लेषण से जुड़े प्रश्न भी परीक्षा में शामिल होंगे।
UP PET 2026 में नेगेटिव मार्किंग भी
UPSSSC PET 2026 परीक्षा में अभ्यर्थियों को नेगेटिव मार्किंग का भी ध्यान रखना होगा। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक-चौथाई अंक यानी 0.25 अंक काटे जाएंगे।ऐसे में उम्मीदवारों को प्रश्न हल करते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी। परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के साथ-साथ परीक्षा पैटर्न, विषयवार सिलेबस और नकारात्मक अंकन व्यवस्था को ध्यान में रखना महत्वपूर्ण है।अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं को नियमित रूप से देखते रहें, ताकि परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और केंद्र से संबंधित किसी भी नए अपडेट की जानकारी समय पर मिल सके।










