UPITS 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में UP International Trade Show 2026 (UPITS-2026) की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विदेशी मेहमानों की सुविधा और विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
UP International Trade Show 2026 से यूपी के उत्पादों को मिलेगा वैश्विक मंच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि UPITS 2026 उत्तर प्रदेश की समृद्ध परंपरा, स्थानीय उत्पादों, हुनर और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों को भी बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री ने आयोजन में प्रदेश की सांस्कृतिक और आर्थिक विविधता को प्रमुखता से प्रदर्शित करने पर जोर दिया।
UPITS 2026 में 72 देशों के खरीदारों के शामिल होने की संभावना
इसी कड़ी में आगे, मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन को लेकर बेहतर आउटरीच देखने को मिला है। जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस को प्रमुख भागीदार देशों के रूप में जोड़ा गया है। इन देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रीमियम फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय कारोबारी सत्र और बी2बी बैठकों में हिस्सा लेंगे। करीब 72 देशों से लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आने की संभावना है।
विदेशी मेहमानों के लिए आवास और लायजन ऑफिसर की व्यवस्था

सीएम योगी ने विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भागीदार देशों के उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर नियुक्त करने को कहा। आगंतुकों और प्रतिनिधियों की सहायता के लिए गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और तकनीकी विश्वविद्यालयों के छात्रों को स्वयंसेवक के रूप में तैनात किया जाएगा।
पीयूष गोयल के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों की बैठक पर जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ उचित रूप से जोड़ा जाए। उद्योग और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के साथ अतिरिक्त बैठकें आयोजित करने तथा विशेषज्ञ वक्ताओं के नॉलेज सेशन को प्रभावी और संक्षिप्त बनाने पर भी जोर दिया गया। तकनीकी सत्रों में संबंधित विभागों के मंत्री और प्रमुख सचिव भी आमंत्रित किए जाएंगे।
यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति दिखाएगा UPITS 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र की भी व्यापक भागीदारी होनी चाहिए। आयोजन में करीब 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं। इनमें कथक, पखावज और सितार वादन के साथ भोजपुरी और आल्हा लोक गायन, राई और थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं।
UPITS 2026 में ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा पर विशेष फोकस
संभावित भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और प्लास्टिक-मुक्त रखने को कहा गया। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन लगाने के निर्देश भी दिए गए।
23 सितंबर तक सरकारी स्टॉल लगाने का लक्ष्य

सभी सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल और आसपास होर्डिंग, पोस्टर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। बेहतर नेटवर्क के लिए अतिरिक्त टावर लगाने और विश्वसनीय इंटरनेट व वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए टेलीकॉम कंपनियों से समन्वय किया जाएगा। सोशल मीडिया कंटेंट और रील बनाने वाले आगंतुकों से भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की जाएगी।
UPITS 2026 में 500 से ज्यादा EV शटल बसों की व्यवस्था
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मुख्यमंत्री को ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। आयोजन स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों की समीक्षा की गई है। प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। पार्किंग और यातायात संचालन को भीड़ के हिसाब से व्यवस्थित किया जाएगा। पार्किंग क्षेत्रों और प्रदर्शनी स्थल के बीच 500 से अधिक ईवी शटल बसें चलाने की योजना है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर UPITS सुविधा काउंटर
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीवीआईपी की सहायता के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समर्पित UPITS सुविधा काउंटर संचालित किया जा रहा है। मेट्रो, शहर की बसों, सिनेमा स्क्रीन, रेडियो और डिजिटल चैनलों के जरिए प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। आयोजन के प्रचार से जुड़े मेटा प्लेटफॉर्म्स पर अब तक 1.3 करोड़ से अधिक वीडियो व्यूज मिलने की जानकारी दी गई।
Gen-Z और छात्रों के लिए खास कार्यक्रमों की तैयारी
जिले में युवाओं को UPITS 2026 से जोड़ने के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और विशेष क्विज आयोजित करने की योजना है। स्थानीय स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक संगठनों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के साथ समन्वय बैठकें भी की गई हैं। सीएम फेलो, उद्यमी मित्र और युवा स्वयंसेवक खरीदारों, प्रदर्शकों और मेहमानों की मदद के लिए तैनात रहेंगे।
UPITS 2026 में ODOP से लेकर डिफेंस और EV तक दिखेगी यूपी की ताकत

इस साल UPITS 2026 में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन क्राफ्ट, सीएम युवा, MSME, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा, हेल्थकेयर, टेक्सटाइल, हथकरघा, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट, पर्यटन और संस्कृति जैसे क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन के लिए 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र पहले ही बुक होने की जानकारी दी गई।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दी व्यक्तिगत जिम्मेदारी की हिदायत
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अव्यवस्था या कमी नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, आवास और आगंतुक सुविधाओं की नियमित निगरानी के साथ अधिकारियों को व्यक्तिगत जिम्मेदारी से काम करने को कहा गया, ताकि UP International Trade Show 2026 सफल और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित हो सके।










