UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के समग्र विकास के लिए एकीकृत युवा नीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों की लगातार मॉनिटरिंग, मूल्यांकन और प्रभावी सुझावों के लिए विशेषज्ञों की भागीदारी वाला स्वतंत्र राज्य युवा आयोग गठित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए। यह आयोग युवाओं से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा कर बदलती जरूरतों के अनुसार नीति और कार्यक्रमों को बेहतर बनाने में सहयोग करेगा।
16 से 35 वर्ष के युवाओं की राय से बनेगी नई युवा नीति
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि युवा नीति तैयार करने से पहले प्रदेश के 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं और आवश्यकताओं को समझा जाए। नीति निर्माण में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों, स्टार्टअप उद्यमियों, युवा पेशेवरों और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सार्वजनिक माध्यमों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे, ताकि नीति युवाओं की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सके।
शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास पर फोकस
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए चल रही सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र युवा को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। नई युवा नीति में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, डिजिटल सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, खेल, नेतृत्व विकास और संस्कृति जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा।
AI, रोबोटिक्स और ड्रोन जैसे क्षेत्रों में युवाओं को मिलेगी आधुनिक ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए आधुनिक तकनीक आधारित कौशल विकास को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, ड्रोन, सेमीकंडक्टर और अन्य उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हर जिले में उद्यमिता और नवाचार के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जाए। यूथ इन्क्यूबेशन सेंटर, स्टार्टअप प्रोत्साहन, रोजगार सृजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को करियर मार्गदर्शन, छात्रवृत्ति और रोजगार से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं।
सरदार पटेल इंडस्ट्रियल एंड एम्प्लॉयमेंट ज़ोन को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल इंडस्ट्रियल एंड एम्प्लॉयमेंट ज़ोन की स्थापना का कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि योजना के अच्छे परिणाम सामने आए हैं और इसे विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों तक विस्तार देने की संभावनाओं पर काम किया जाए। युवा आईएएस, आईपीएस अधिकारियों और अन्य विशेषज्ञों को इससे जोड़ा जाए। साथ ही निजी कोचिंग संस्थानों के उत्तर प्रदेश में निवेश की इच्छा का लाभ भी राज्य के युवाओं को मिलना चाहिए।
गांव से लेकर मंडल स्तर तक बनेगा मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान, विकासखंड स्तर पर मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिले में खेल उत्कृष्टता केंद्र और मंडल स्तर पर हाई परफॉर्मेंस सेंटर विकसित करने की दिशा में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विधायक निधि से इनडोर स्टेडियम निर्माण के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। इसके साथ ही युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय, अध्ययन केंद्र और रीडिंग स्पेस का विस्तार किया जाए, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।










