UP Weather Update: मार्च के महीने में गर्मी की आहट के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में रविवार (22 मार्च) को भी बादलों का डेरा जमा हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के विभिन्न अंचलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने और धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी है। मौसम के इस बदलते मिजाज ने जहाँ चिलचिलाती धूप से राहत दी है, वहीं किसानों और खुले में सफर करने वाले लोगों के लिए चिंता की लकीरें भी खींच दी हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में मूसलाधार बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज सबसे ज्यादा असर पूर्वांचल और तराई के इलाकों में देखने को मिलेगा। बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अंबेडकर नगर और अयोध्या जैसे जनपदों में आसमानी बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश का अंदेशा जताया गया है। इसके अलावा आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर और जौनपुर में भी तेज हवाओं के साथ ओले गिर सकते हैं। इस बेमौसमी बरसात और ओलावृष्टि से रबी की फसलों, खासकर गेहूं और सरसों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे अन्नदाता की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
राजधानी लखनऊ का मौसम
बताते चले कि, नवाबों के शहर लखनऊ में सुबह से ही आसमान में घने काले बादलों की आवाजाही बनी हुई है। आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, दोपहर या शाम तक राजधानी के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। हालांकि, न्यूनतम तापमान 17 से 22 डिग्री के आसपास रहने से रात में हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है, लेकिन हवा में बढ़ी नमी उमस का अहसास भी करा सकती है।
प्रमुख शहरों में 80 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, यूपी के महानगरों नोएडा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में भी मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। इन शहरों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो कुछ झोंकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बिजली कड़कने और गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने ‘येलो अलर्ट’ जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। तेज आंधी के कारण बिजली के खंभों और पेड़ों के गिरने से यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी आशंका है।
कल से साफ होगा आसमान और बढ़ेगी तपिश
राहत की बात यह है कि मौसम का यह उग्र रूप ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 23 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने लगेगा, जिससे प्रदेशभर में आसमान साफ हो जाएगा। सोमवार से सूरज के तेवर फिर से तल्ख होने लगेंगे और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अनुमान है कि 26 मार्च तक पारा 33 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा और अगले सप्ताह के अंत तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लू (Loo) जैसे हालात बन सकते हैं।









