UP Weather Update: नोएडा से लखनऊ तक छाए रहेंगे बादल, 9 जुलाई से होगी मूसलाधार बारिश

उत्तर प्रदेश में मानसून की धीमी रफ्तार के बीच मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 58 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया है। नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ समेत कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे, जबकि 9 जुलाई से पूरे सूबे में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।

UP Weather Update

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 6, 2026

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल काफी धीमी बनी हुई है. रविवार को राज्य के कई हिस्सों में छिटपुट मानसूनी गतिविधियां देखने को मिलीं, जिससे स्थानीय निवासियों को झुलसाने वाली धूप और उमस भरी स्थिति से थोड़ी राहत जरूर मिली है. हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब भी लोग झमाझम और मूसलाधार बरसात का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

सूबे के 58 जनपदों में मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार, 6 जुलाई को राज्य के 58 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूवार्नुमान जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों ने इस दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की भी आशंका जताई है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

एनसीआर से लेकर अवध-पूर्वांचल का हाल

राजधानी लखनऊ और आस-पास के जिलों में सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं, जिससे दोपहर बाद बूंदाबांदी के आसार हैं. वहीं, दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में मानसूनी हवाएं सक्रिय रहेंगी. इसके अलावा, धार्मिक नगरी अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज में भी सोमवार को छिटपुट बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है.

बुंदेलखंड और तराई क्षेत्रों में मौसम का पूवार्नुमान

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, ललितपुर और चित्रकूट में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ पानी गिर सकता है. वहीं, तराई बेल्ट के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में भी मौसम विभाग ने बारिश की संभावना व्यक्त की है. पूर्वांचल के मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र में भी अच्छी वर्षा की उम्मीद है.

जानिए कब होगी झमाझम बरसात

मौसम विभाग के मुताबिक, 7 और 8 जुलाई से मानसूनी सिस्टम एक बार फिर सक्रिय होगा, जिससे हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी. इसके बाद, 9 जुलाई से पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक और झमाझम बारिश का मुख्य सिलसिला शुरू हो जाएगा. इस सक्रिय दौर के आने के बाद प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी.