Weather Update: भीषण गर्मी के बाद यूपी में मौसम का यू-टर्न, कई जिलों में तेज बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आखिर किन जिलों में सबसे ज्यादा असर दिखाई देगा, जानिए पूरी मौसम रिपोर्ट विस्तार से।

भीषण गर्मी के बाद यूपी में मौसम का यू-टर्न

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

मई 29, 2026

Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार दोपहर बाद प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। नोएडा से लेकर लखनऊ तक कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम के इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है।

Weather Update: मॉनसून से पहले मौसम का प्रहार, कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका

आज कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बताया गया है कि कुछ इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जबकि हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि खराब मौसम का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, संभल, रामपुर, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओले पड़ने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें। विशेष रूप से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

कई जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी

आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, कानपुर, रायबरेली, प्रयागराज, झांसी, बांदा, चित्रकूट और सोनभद्र सहित कई जिलों में भी तेज तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आंधी की रफ्तार बेहद तेज हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कमजोर पेड़, पुराने मकान और बिजली के खंभे गिरने का खतरा बना रहेगा। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

हर गरीब को पक्का घर’ के संकल्प को साकार करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में तेजी से बढ़ रहा काम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

नोएडा और लखनऊ समेत कई शहरों में बारिश के आसार

राजधानी लखनऊ में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, सीतापुर, बहराइच और बाराबंकी समेत कई शहरों में भी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन तेज तूफान और खराब मौसम परेशानी भी बढ़ा सकता है।

लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर दीवारों से दूर रहने को कहा गया है। जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों को समय-समय पर अपडेट जारी किए जा रहे हैं।