Weather Update: उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पिछले कुछ दिनों से बारिश की कमी के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दिन के समय मौसम काफी असहनीय बना हुआ है। बुधवार को कई स्थानों पर बादल जरूर दिखाई दिए, लेकिन पर्याप्त बारिश न होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए हॉट डे का येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Weather Update: दिल्ली में बारिश की उम्मीद पर फिरा पानी! आज भी उमस से राहत नहीं
17 जुलाई के बाद मानसून होगा अधिक सक्रिय
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इस मौसमीय प्रणाली का असर अगले 48 घंटों में उत्तर प्रदेश पर दिखाई देने की संभावना है। इसके चलते 17 जुलाई के बाद राज्य में मानसून की रफ्तार तेज हो सकती है। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बारिश बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। कुछ क्षेत्रों में इसका प्रभाव शुक्रवार दोपहर से ही देखने को मिल सकता है।
बुधवार को इन जिलों में हुई अच्छी बारिश
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक अंबेडकरनगर के अकबरपुर में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा हमीरपुर के मौदहा में 54 मिलीमीटर, मथुरा के गोवर्धन में 44 मिलीमीटर तथा अयोध्या में 42 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। गोरखपुर के बांसगांव में 38 मिलीमीटर, फिरोजाबाद के टूंडला में 26 मिलीमीटर और बस्ती सीडब्ल्यूसी क्षेत्र में 24 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं बलिया के तुर्तीपार में 23.8 मिलीमीटर, सिद्धार्थनगर की बांसी तहसील में 23 मिलीमीटर तथा अलीगढ़ में लगभग 19.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कई जिलों में हॉट डे का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के अनेक जिलों में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं को देखते हुए हॉट डे का येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों को इस चेतावनी में शामिल किया गया है उनमें ललितपुर, झांसी, महोबा, जालौन, कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, उन्नाव, औरैया, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बाराबंकी, लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और फतेहपुर शामिल हैं।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और गर्मी से बचाव के सभी उपाय अपनाएं। वहीं, जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, वहां के लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।










