UP Weather: मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही एक बार फिर भीषण गर्मी और लू (उष्ण लहर) का दौर शुरू होने जा रहा है। शनिवार से लेकर मंगलवार तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं लोगों को बेहाल करेंगी। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले पांच दिनों के भीतर राज्य के 50 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ जाएगा।
प्री-मॉनसून की संभावित तारीख
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के निवासियों को गर्मी से राहत के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मॉनसून के प्रवेश करने की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है। हालांकि, 25 जून के बाद राज्य में प्री-मॉनसून गतिविधियों की दस्तक हो सकती है। इस बीच, स्थानीय स्तर पर होने वाली छिटपुट मौसमी हलचलों के बावजूद प्रदेश के पूर्वी, मध्यवर्ती और दक्षिणी भागों में अगले सात दिनों तक लू का प्रकोप लगातार जारी रहने की आशंका जताई गई है।
लखनऊ और प्रयागराज सहित इन जिलों में हीटवेव की चेतावनी
बताते चले कि, शनिवार को राजधानी लखनऊ सहित राज्य के 25 जिलों में तीव्र लू चलने की आधिकारिक चेतावनी जारी की गई है। मुख्य रूप से प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर जैसे क्षेत्र इसकी चपेट में रहेंगे। इसके अलावा, रविवार को बांदा, चित्रकूट और कौशांबी सहित करीब 30 जिलों में मौसम का यही कड़ा रुख देखने को मिलेगा, जहां पारा भारी उछाल मार सकता है।
बांदा में रिकॉर्ड तोड़ अधिकतम तापमान
बीते शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस ऊपर चढ़कर 41.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, बुंदेलखंड का बांदा जिला एक बार फिर 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो प्रयागराज में पारा 43.6 डिग्री, वाराणसी में 43 डिग्री, झांसी में 42.6 डिग्री और हमीरपुर व गाजीपुर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को जहां 30 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार रहा, वहीं रविवार को ऐसे जिलों की संख्या बढ़कर 35 होने का अनुमान है।










