UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पहाड़ों से आ रही 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली बर्फीली पछुआ हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हाड़ कंपाने वाली इस ठंड के बीच मंगलवार को इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार की सुबह भी समूचा प्रदेश घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया, जिससे कई प्रमुख शहरों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई।
Weather Update: उत्तर भारत में कुदरत का डबल अटैक, शीतलहर के बीच अब इन 3 राज्यों में भारी बारिश का खतरा!
पछुआ हवाओं का प्रकोप
बताते चले कि, उत्तर प्रदेश में बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते गलन और ठंड का तीखा असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रात के तापमान में अभी और गिरावट आने की प्रबल संभावना है, जिसका अर्थ है कि आने वाली रातें और अधिक कष्टदायी होंगी। मंगलवार को इटावा में न्यूनतम पारा 2.6 डिग्री तक लुढ़क गया, जिसने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ‘कनकनी’ बढ़ा दी है, जिससे लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है।
39 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
आपको बता दे कि, आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के 39 जनपदों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert for Fog) जारी किया है। कानपुर, आगरा, प्रयागराज, बाराबंकी और गोरखपुर जैसे शहरों में सुबह के समय शून्य दृश्यता (Zero Visibility) दर्ज की गई। अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी बांदा, फतेहपुर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, लखनऊ और अयोध्या समेत कई इलाकों के लिए दी गई है, जहां वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
45 जनपदों में शीत दिवस की चेतावनी
पारे में आई भारी गिरावट के चलते मौसम वैज्ञानिकों ने प्रदेश के 45 जिलों में शीत दिवस (Cold Day) की आधिकारिक चेतावनी जारी की है। प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मथुरा और हाथरस समेत इन जिलों में दिन के तापमान में सामान्य से अधिक गिरावट देखी जाएगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह-शाम गलन और हाड़ कंपाने वाली ठंड बनी रहेगी।
राजधानी लखनऊ का हाल और मौसम का पूर्वानुमान
राजधानी लखनऊ में भी पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। मंगलवार को यहाँ अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन का पारा 14.8 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया। रात का न्यूनतम तापमान भी 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को दोपहर में गुनगुनी धूप तो निकल सकती है, लेकिन गलन और ठिठुरन से कोई बड़ी राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
सतर्कता और बचाव के उपाय
बढ़ती ठंड और गलन को देखते हुए लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी के इस सितम से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने विभिन्न शहरों में रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं ताकि बेघर लोगों को इस भीषण शीतलहर से राहत मिल सके।










