UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में हथिया नक्षत्र के दौरान होने वाली बारिश इस बार कई इलाकों के लिए आफत बन गई है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में करीब 60 घंटे से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं धीमी फुहारों का दौर बना हुआ है। लगातार बारिश के कारण सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है।
आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली से बढ़ी परेशानी

बताते चले कि, बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर तेज आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। इन हादसों में कई लोगों की जान गई है और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बहराइच, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, हमीरपुर, बांदा और कानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है।
गहन अवदाब का असर कम
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक गहन अवदाब का प्रभाव अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। इसके चलते मध्य उत्तर प्रदेश और दक्षिणी यूपी में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि तराई वाले इलाकों में आज भी बारिश देखने को मिल सकती है।
सोमवार से UP में मौसम होगा ड्राई

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार यानी 28 सितंबर से प्रदेश में मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण इस समय कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित है। आंकड़ों के मुताबिक मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक बारिश सामान्य के मुकाबले अधिक दर्ज की गई है।
यूपी में सामान्य से अधिक बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 26 सितंबर तक प्रदेश में अनुमानित बारिश करीब 739 मिलीमीटर थी, जबकि इस अवधि में लगभग 751 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। यानी बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत अधिक रही है। कई जिलों में कम समय में हुई तेज बारिश ने स्थानीय स्तर पर जलभराव की समस्या को और गंभीर कर दिया।
बहराइच में सबसे ज्यादा बारिश

इस मानसून सीजन में कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। बहराइच में 193 मिलीमीटर, हमीरपुर में 164 मिलीमीटर, लखीमपुर खीरी में 163 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में 162 मिलीमीटर, बांदा में 153 मिलीमीटर और फर्रुखाबाद में 139 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। कन्नौज में 137, महोबा में 137, श्रावस्ती में 127 और लखनऊ में 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
लखनऊ में आज बारिश थमने के आसार
मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ में आज बारिश की गतिविधि थमने की संभावना जताई है। हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। लगातार बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों में जलभराव और यातायात की समस्या बनी हुई है।
60 घंटे की बारिश से राजधानी पानी-पानी

लखनऊ में करीब 60 घंटे से जारी बारिश ने शहर की व्यवस्था को प्रभावित किया है। जानकीपुरम, आशियाना, रुचि खंड, रश्मि खंड, सरोजिनी नगर और गोमती नगर समेत कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गई हैं। आशियाना के कुछ हिस्सों में बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। लगातार जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के साथ हुए अलग-अलग हादसों में कई लोगों की जान गई है। गोरखपुर में बारिश से जुड़े हादसों में पांच लोगों की मौत की सूचना है। फतेहपुर में मकान गिरने से आठ साल के बच्चे की मौत हुई। बांदा में मकान ढहने से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई।
पेड़ और मकान गिरने से हादसे
गोंडा में बाइक पर पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई। लखीमपुर खीरी और बाराबंकी में अलग-अलग हादसों में तीन-तीन लोगों की जान गई। बस्ती में एक, जबकि अमेठी और हमीरपुर में दो-दो लोगों की मौत की सूचना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी बारिश और उससे जुड़े हादसों में जनहानि की खबरें सामने आई हैं।
मौसम सुधरने की उम्मीद, लेकिन जलभराव से जल्द राहत की चुनौती
मौसम विभाग के मुताबिक गहन अवदाब का असर कमजोर होने के साथ आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। हालांकि जिन इलाकों में भारी बारिश से जलभराव हुआ है, वहां सामान्य स्थिति बहाल होने में समय लग सकता है। फिलहाल प्रशासन के सामने जलनिकासी, बिजली आपूर्ति और बारिश से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने की चुनौती बनी हुई है।










