UP News: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश, तेज आंधी और प्राकृतिक आपदा के बीच योगी सरकार ने प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने की पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या और बस्ती में आपदा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दैवीय आपदा राहत कोष से सहायता राशि के चेक सौंपे।
UP में भारी बारिश और आंधी से तबाही

बताते चले कि, प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने के बीच तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। अयोध्या और बस्ती में प्राकृतिक आपदा के कारण कई परिवारों को अपनों को खोना पड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक बिना देरी राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी ली।
अयोध्या में पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत
अयोध्या में अतिवृष्टि और आंधी-तूफान के दौरान पेड़ गिरने की घटनाओं में चार लोगों की असामयिक मृत्यु हुई। मृतकों में सोहावल तहसील के शिवदासपुर, शुक्ला का पुरवा निवासी 18 वर्षीय आकाश वर्मा, मिल्कीपुर तहसील निवासी 12 वर्षीय आर्यन, रुदौली तहसील निवासी 76 वर्षीय रामस्वरूप और 40 वर्षीय धर्मराज शामिल हैं। हादसों के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू की।
अयोध्या में आपदा राहत कोष से मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता
प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अयोध्या सर्किट हाउस में आकाश वर्मा, रामस्वरूप और धर्मराज के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। यह सहायता दैवीय आपदा राहत कोष के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। सरकार के अनुसार, प्रभावित परिवारों तक घटना के 24 घंटे के भीतर सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया, ताकि संकट की घड़ी में उन्हें तत्काल आर्थिक संबल मिल सके।
बस्ती में भी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को मिली राहत
बस्ती में भी आंधी और अन्य आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता दी गई। बस्ती सदर तहसील के चौबाह गांव निवासी मोतीराम की आंधी के दौरान छप्पर गिरने से मौत हो गई थी। उनके परिवार को राहत देते हुए उनकी पत्नी कैलाशा देवी को चार लाख रुपये की सहायता का चेक सौंपा गया। प्रशासन ने परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
सर्पदंश से मौत के बाद परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता
महुली पश्चिम के ग्राम बलुआ निवासी प्रशांत की सर्पदंश से मृत्यु के बाद उनके परिवार को भी दैवीय आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता दी गई। प्रभारी मंत्री ने प्रशांत की माता मीरा देवी को चार लाख रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान प्रशासन को निर्देश दिए गए कि आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत राशि के साथ आवश्यक अन्य सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।
योगी सरकार ने अधिकारियों को दिए तत्काल राहत और सहायता के निर्देश

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा, सेवा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्राकृतिक या दैवीय आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को बिना देरी राहत, चिकित्सा सुविधा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों की जरूरतों का आकलन कर उन्हें हरसंभव मदद तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
प्राकृतिक आपदा में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार
सरकार का कहना है कि आपदा की स्थिति में राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न हो और पीड़ित परिवारों को समय पर सरकारी सहायता मिले। अयोध्या और बस्ती में आर्थिक सहायता दिए जाने को इसी राहत व्यवस्था का हिस्सा बताया गया है। प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।









