UP Weather Update: यूपी के 37 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, आगरा में CM योगी का दौरा रद्द

उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित है। आगरा, मथुरा और हाथरस में बारिश के कारण परेशानी बढ़ गई है। आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा रद्द हुआ, जबकि मथुरा में स्कूल बंद रहे। मौसम विभाग ने 37 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

UP Weather Update

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 16, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह आगरा, मथुरा और हाथरस समेत कई जगहों पर रुक-रुककर बारिश हुई। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आगरा में बारिश के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा रद्द करना पड़ा, जबकि मथुरा में खराब मौसम को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। हाथरस में मंडी में खुले में रखी धान की हजारों बोरियां भीग गईं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 37 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला यूपी का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ से बदला यूपी का मौसम

लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदला है। इसका असर अगले दिन पूर्वी यूपी में भी देखने को मिल सकता है, जहां हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को नोएडा, गाजियाबाद समेत प्रदेश के करीब 20 शहरों में आंधी और बारिश हुई थी। नोएडा में सात मंजिला व्यावसायिक इमारत की शटरिंग गिर गई, जबकि कासगंज में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।

आगरा में बारिश से बढ़ी ठंडक, मुख्यमंत्री योगी का दौरा रद्द

आगरा में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके बाद चली ठंडी हवाओं से लोगों को अक्टूबर में ही सर्दी का अहसास होने लगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और ओले गिरने की आशंका जताई है। बारिश के चलते दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।

बारिश का असर खेती और बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। अछनेरा मंडी में खुले में रखा धान भीग गया। तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए बिजली विभाग ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए आपूर्ति रोक दी। मौसम सामान्य होने पर बिजली बहाल कर दी गई। हालांकि, शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण लोकल फॉल्ट की समस्या भी सामने आई।

जलभराव और कीचड़ से आगरा की सड़कों पर बढ़ी परेशानी

जलभराव और कीचड़ से आगरा की सड़कों पर बढ़ी परेशानी

बारिश के बाद आगरा की निर्माणाधीन सड़कों और खुदाई वाले इलाकों में कीचड़ फैल गया। शहीद नगर के पास शमसाबाद रोड पर कई वाहन गड्ढों में फंस गए। वहीं, टेढ़ी बगिया से कालिंदी रोड और ताजगंज की 100 फुटा रोड पर जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। कई जगह सड़क पर पानी भरने और कीचड़ जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ। ऐसे में वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ा।

यूपी में बारिश से आलू किसानों को राहत की उम्मीद

यूपी में बारिश से आलू किसानों को राहत की उम्मीद

बेमौसम बारिश से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं आलू किसानों को इससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। खेतों में नमी बढ़ने से किसान आलू की बुवाई की तैयारी में जुट गए हैं। किसान 20 अक्टूबर के बाद बुवाई शुरू करने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले ठंडक की कमी के चलते बुवाई में देरी हो रही थी। अब किसानों ने कोल्ड स्टोरेज से आलू के बीज और उर्वरक खरीदने शुरू कर दिए हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी

प्रदेश में अगले दौर के मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 37 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। किसानों को भी खुले में रखी फसल और धान की बोरियों को सुरक्षित रखने की सलाह दी जाती है।