Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते सोमवार, 28 सितंबर को भी कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से उठे गहन अवदाब का प्रभाव उत्तर प्रदेश तक पहुंचने के बाद कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। रविवार को यह सिस्टम प्रदेश के मध्य हिस्से के ऊपर उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा था। इसके प्रभाव से सोमवार को राज्य के 11 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा करीब 36 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कुछ इलाकों में हवा के झोंके करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकते हैं।
IMD Weather : 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM हवाओं से बाढ़-भूस्खलन खतरा
इन जिलों में तेज बारिश की संभावना
सोमवार को रामपुर, बरेली, बहराइच, बिजनौर, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश होने के आसार हैं। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवा का खतरा
बारिश के साथ प्रदेश के कई इलाकों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का खतरा भी बना हुआ है। सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, देवरिया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई क्षेत्रों में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा चल सकती है।
बारिश से हादसों में मृतकों की संख्या बढ़कर 89

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण हादसों का सिलसिला भी थम नहीं रहा है। रविवार को बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 29 और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही शनिवार तक 60 रही मृतकों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है।
अवध क्षेत्र में बारिश से जुड़े हादसों में 11 लोगों की जान गई। सीतापुर में सबसे ज्यादा पांच मौतें दर्ज की गईं। बलरामपुर में मकान गिरने से टीनशेड के नीचे सो रही महिला की मौत हो गई, जबकि बारिश के दौरान सांप के काटने से एक युवक की जान चली गई। बाराबंकी में दीवार और पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई। गोंडा में आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने से नवजात की जान चली गई। बहराइच में भी मड़हे पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में पांच, गोरखपुर और मुरादाबाद में चार-चार, बरेली में तीन और प्रयागराज में दो लोगों की मौत की सूचना है।
चार जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए लखीमपुर खीरी, रामपुर, पीलीभीत और मुरादाबाद में 28 सितंबर को 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। डीएम के निर्देश के अनुसार सरकारी, निजी और सभी बोर्ड से जुड़े विद्यालय बंद रहेंगे। वहीं बरेली में स्कूलों के साथ डिग्री कॉलेजों को भी बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
Delhi News: वायरल वीडियो के बाद प्रवेश वर्मा की सफाई, बोले- परिवार को दी थी गाली










