UP T20 League 2026: उत्तर प्रदेश टी20 लीग का चौथा सीजन इस बार पहले के मुकाबले ज्यादा भव्य और रोमांचक होने जा रहा है। प्रदेश की प्रमुख घरेलू क्रिकेट लीग की शुरुआत 14 अगस्त से होगी। उद्घाटन मुकाबले लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस सीजन में क्रिकेट प्रेमियों को लखनऊ और कानपुर, दोनों शहरों में मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा।
यूपी टी20 लीग 2026 में लखनऊ और कानपुर बनेंगे क्रिकेट का केंद्र
बताते चले कि, यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन के मुकाबले इस बार दो बड़े क्रिकेट मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ का इकाना स्टेडियम और कानपुर का ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। इससे खिलाड़ियों को अलग-अलग पिच और परिस्थितियों में खेलने का अनुभव मिलेगा। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
इकाना स्टेडियम में होंगे यूपी टी20 लीग के शुरुआती मुकाबले
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, यूपी टी20 लीग के पहले चरण में कुल 22 मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत भी इसी मैदान से होगी। इकाना की तेज आउटफील्ड और आधुनिक सुविधाओं के बीच खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी। लखनऊ में होने वाले मुकाबलों से स्थानीय क्रिकेट फैंस को अपनी पसंदीदा टीमों और उभरते खिलाड़ियों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
ग्रीन पार्क में प्लेऑफ और फाइनल का रोमांच
यूपी टी20 लीग के प्लेऑफ मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्लेऑफ और फाइनल सहित कुल 12 मुकाबलों की मेजबानी ग्रीन पार्क करेगा। 6 सितंबर को इसी मैदान पर टूर्नामेंट के विजेता का फैसला होगा। ऐसे में लीग के अंतिम चरण में मुकाबलों का रोमांच और दबाव दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
ध्रुव जुरेल की गैरमौजूदगी में युवा खिलाड़ियों पर नजर
गोरखपुर लायंस को शुरुआती मुकाबलों में विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की कमी खलेगी। भारतीय टेस्ट टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर जाने के कारण जुरेल शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि टीम ने ऑक्शन के दौरान ही इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए बैकअप खिलाड़ियों की व्यवस्था कर ली थी। टीम की ओर से बताया गया कि बड़े नामों की गैरमौजूदगी युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मौका बन सकती है।
यूपी टी20 लीग में 100 रुपये से शुरू होंगे टिकट
यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन में दर्शकों को मैच देखने के लिए ज्यादा जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। टिकट की कीमत 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक रखी गई है। यानी क्रिकेट फैंस कम कीमत में स्टेडियम पहुंचकर लाइव मुकाबलों का आनंद उठा सकेंगे। आयोजकों का मकसद ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को स्टेडियम तक लाना है।
स्कूल-कॉलेज और सोसायटियों के लिए भी रियायती टिकट
यूपी टी20 लीग के टिकटों में स्कूल, कॉलेज और हाउसिंग सोसायटियों के लिए विशेष रियायत की व्यवस्था भी की गई है। गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य लीग को सिर्फ मैदान तक सीमित न रखते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों और युवा क्रिकेट प्रेमियों तक पहुंचाना है।
यूपी टी20 लीग में घरेलू क्रिकेट के सितारों पर नजर
यूपी टी20 लीग का चौथा सीजन युवा खिलाड़ियों के लिए भी अपनी पहचान बनाने का बड़ा मंच साबित हो सकता है। लखनऊ और कानपुर जैसे बड़े क्रिकेट मैदानों पर मुकाबले होने से खिलाड़ियों को दबाव और अलग-अलग परिस्थितियों में प्रदर्शन करने का अनुभव मिलेगा। अब नजर इस बात पर होगी कि कौन सा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर टीम को खिताब तक पहुंचाता है और कौन घरेलू क्रिकेट से आगे बढ़कर बड़े मंच के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करता है।
कुल मिलाकर, यूपी टी20 लीग 2026 का चौथा सीजन क्रिकेट प्रेमियों के लिए कई मायनों में खास रहने वाला है। 14 अगस्त से शुरू होकर 6 सितंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में लखनऊ से लेकर कानपुर तक क्रिकेट का जुनून देखने को मिलेगा। कम कीमत वाले टिकट, दो बड़े मैदान और युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बीच इस बार यूपी टी20 लीग पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी।










