Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों राज्यसभा चुनाव और शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनावों को लेकर सियासी गहमागहमी अपनी चरम पर है. हालाकिं, बीजेपी ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में सुगबुहाट काफी तेज है. इस बीच सोमवार को बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने अचानक लखनऊ पहुंच कर सियासी पारा और बढ़ा दिया. उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक को यूपी की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.
बैठक में किन मुद्दों पर हुई चर्चा ?

बताते चले कि, सोमवार को लखनऊ पहुंचे बीएल संतोष ने सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में राज्यसभा चुनाव, शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की बात सामने आई. माना जा रहा है कि बीजेपी संगठन ने उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को लेकर अपना रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है. पार्टी संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने पर भी मंथन हुआ.
BJP राज्यसभा उम्मीदवारों के ऐलान से पहले अहम बैठक
आपको बता दे कि, बीएल संतोष और सीएम योगी की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। ऐसे में सोमवार का दिन बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी किसी भी समय अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकती है। बीजेपी के उम्मीदवारों को लेकर पार्टी के भीतर लगातार मंथन चल रहा है। चुनाव में विधानसभा के मौजूदा संख्याबल के आधार पर बीजेपी के खाते में अधिक सीटें जाने की संभावना है। ऐसे में उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी संगठन की रणनीति पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
संघ और बीजेपी की समन्वय बैठक के लिए रवाना हुए बीएल संतोष
सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद बीएल संतोष लखनऊ से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। वहां वह काशी क्षेत्र में आयोजित होने वाली आरएसएस और बीजेपी की समन्वय बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक को भी आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में बीजेपी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से सह सरकार्यवाह अरुण कुमार के शामिल होने की जानकारी है। माना जा रहा है कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर समन्वय बढ़ाने और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर गणित और सपा की रणनीति

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में कुल 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। वर्तमान विधानसभा के संख्या बल के हिसाब से बीजेपी की आठ सीटों पर और समाजवादी पार्टी की दो सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है। समाजवादी पार्टी ने अपने दोनों अधिकृत उम्मीदवारों का नामांकन पहले ही करवा दिया है, जबकि राजनीतिक हलकों में यह दावा भी किया जा रहा है कि सपा अपनी रणनीति के तहत तीसरे प्रत्याशी के नाम का भी ऐलान कर सकती है।
राज्यसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारी पर भी नजर
बीएल संतोष की लखनऊ यात्रा और सीएम योगी के साथ बैठक को केवल राज्यसभा चुनाव तक सीमित नहीं माना जा रहा है। बीजेपी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों को गति दे रही है। राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन से लेकर संघ और बीजेपी के बीच समन्वय तक, हालिया गतिविधियां इस बात के संकेत दे रही हैं कि पार्टी यूपी में चुनावी मोर्चे पर अपनी रणनीति को लगातार मजबूत करने में जुटी है।










