Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव 2026 के नामांकन के आखिरी दिन राजधानी लखनऊ में राजनीतिक हलचल काफी तेज रही. सीएम योगी की मौजूदगी में बीजेपी के सभी 8 प्रत्याशियों ने विधान भवन पहुंच कर राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी उम्मीदवारों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनकी जीत की अग्रिम बधाई दी.
BJP के आठों उम्मीदवारों की सूची

बताते चले कि, निर्वाचन प्रक्रिया के तहत जिन आठ दिग्गज नेताओं ने बीजेपी के टिकट पर उच्च सदन के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है, उनमें प्रमुख रूप से धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं. पार्टी के इन सभी उम्मीदवारों के मैदान में उतरने और सपा द्वारा तीसरा प्रत्याशी न उतारे जाने के बाद अब बीजेपी की सभी आठ सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है.
सीएम योगी ने सभी प्रत्याशियों को दी बधाई
आपको बता दे कि, बीजेपी प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान सीएम योगी पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने पार्टी के सभी आठ उम्मीदवारों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें शुभकामनाएं दी। नामांकन के मौके पर विधान भवन परिसर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी देखने को मिली। राज्यसभा चुनाव के नामांकन को लेकर बीजेपी ने सामूहिक रूप से अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रहे मौजूद

नामांकन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और सरकार के मंत्रियों की मौजूदगी ने नामांकन कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बना दिया।
नामांकन के दौरान कई मंत्रियों की रही मौजूदगी

बीजेपी प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी विधान भवन पहुंचे। इनमें सुरेश खन्ना, राकेश सचान, आशीष पटेल, डॉ. संजय निषाद, कपिलदेव अग्रवाल, जेपीएस राठौर, दिनेश प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र यादव, ब्रजेश सिंह, सतीश चंद्र शर्मा, रजनी तिवारी और बलदेव सिंह औलख समेत कई नेता शामिल रहे। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सभी आठ प्रत्याशियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
किस दिन होगा मतदान ?
राज्यसभा चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर निर्धारित है। यदि जरूरत पड़ी तो 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना होगी।










