UP News: उत्तर प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल यानी PRD के स्वयंसेवकों के लिए योगी सरकार ने मंगलवार को कई अहम घोषणाएं कीं। गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी भत्ता बढ़ाने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और नए बैरक के निर्माण का ऐलान किया। सरकार के इन फैसलों से प्रदेश के हजारों PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
PRD ड्यूटी भत्ता बढ़कर 600 रुपये प्रतिदिन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने PRD जवानों के लिए सबसे बड़ी घोषणा दैनिक ड्यूटी भत्ते को लेकर की। अब स्वयंसेवकों को 500 रुपये के बजाय 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा। यानी PRD जवानों के मौजूदा भत्ते में 100 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी की गई है। सरकार ने इसे जवानों की जिम्मेदारियों और उनके योगदान को देखते हुए महत्वपूर्ण कदम बताया है।
PRD जवानों के भत्ते में ऐसे हुआ इजाफा
योगी आदित्यनाथ ने सम्मेलन में PRD के इतिहास का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 1948 में प्रांतीय रक्षक दल का गठन हुआ था। लंबे समय तक स्वयंसेवकों को 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता रहा। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये किया गया। इसके बाद 2022 में भत्ता 395 रुपये और वर्ष 2025 में 500 रुपये प्रतिदिन किया गया। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।
PRD जवानों और परिवार को 5 लाख तक कैशलेस इलाज
योगी सरकार ने PRD स्वयंसेवकों के स्वास्थ्य को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ की शुरुआत की। इसके तहत प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
PRD कैशलेस चिकित्सा योजना से 1.55 लाख लोग लाभान्वित
सरकार के मुताबिक PRD स्वयंसेवकों के परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है। इससे कुल 1.55 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की संभावना है। योजना के तहत सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में इलाज कराया जा सकेगा। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए।
लखनऊ में 23 करोड़ रुपये से बनेगा PRD का बहुमंजिला बैरक
PRD जवानों के लिए आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी सरकार ने कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से रिमोट के जरिए लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास किया। सरकार का कहना है कि नए बैरक के निर्माण से स्वयंसेवकों को बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कानून-व्यवस्था से लेकर आपदा राहत तक PRD जवानों की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों से लेकर महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, यातायात व्यवस्था और चुनाव ड्यूटी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में PRD जवानों की सेवाएं ली जाती हैं।
योगी बोले- अब PRD जवानों की मांग बढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले PRD जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी। अब उनकी भूमिका और उपयोगिता को देखते हुए कई मौकों पर ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि PRD स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां बढ़ी हैं और सरकार भी उनकी सुविधाओं को लगातार बेहतर करने पर काम कर रही है।
PRD का बजट 23 करोड़ से बढ़कर 543 करोड़ रुपये
सम्मेलन में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने भी PRD स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि PRD जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में मजबूत आधार हैं। मंत्री के मुताबिक वर्ष 2017 से पहले PRD का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो चुका है।
10 PRD स्वयंसेवकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक रूप से 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।
PRD जवानों के लिए फैसलों से बढ़ेंगी सुविधाएं
योगी सरकार की इन घोषणाओं से PRD स्वयंसेवकों के आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी लाभों में बढ़ोतरी होगी। ड्यूटी भत्ता 600 रुपये प्रतिदिन होने के साथ 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा और लखनऊ में नए बहुमंजिला बैरक के निर्माण को सरकार की ओर से PRD जवानों के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।










