
UP Panchayat Election 2026: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने तीन महीने के अंदर पंचायत चुनाव कराने का आदेश दिया है। तब तक निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रशासक के तौर पर काम करते रहेंगे। इस फैसले के बाद यूपी में पंचायत चुनाव की तैयारी और विधानसभा चुनाव से पहले मतदान होने की संभावना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
यूपी पंचायत चुनाव पर हाई कोर्ट का आदेश
बताते चले कि, उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई के बीच इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने राज्य में तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने का आदेश दिया है। साथ ही साफ किया है कि तब तक निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रशासक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। इस फैसले से ग्राम पंचायतों के प्रशासन और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर नई स्थिति सामने आई है।

न्यायमूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की। करीब तीन घंटे तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने अपना फैसला सुनाया। पंचायत चुनाव समय पर कराने और ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने से जुड़े कई सवाल इन याचिकाओं में उठाए गए थे।
11 याचिकाओं में ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाने के फैसले को चुनौती
पंचायत चुनाव से जुड़े इस मामले में कुल 11 याचिकाएं दाखिल की गई थी। इनमें छह जनहित याचिकाएं भी शामिल थी। याचिकाकर्ताओं ने राज्य सरकार के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसके तहत ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में काम करने की जिम्मेदारी दी गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार, पंचायती राज विभाग के निदेशक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला पंचायती राज अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को पक्षकार बनाया गया था। इन याचिकाओं पर हाई कोर्ट की खंडपीठ ने एक साथ सुनवाई की, ताकि पंचायत चुनाव और प्रशासकों की नियुक्ति से जुड़े विवाद पर फैसला लिया जा सके।
नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज

हाई कोर्ट ने तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने का निर्देश देने के साथ प्रशासकों की नियुक्ति और संबंधित अधिनियम की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज कर दीं। इसका मतलब है कि फिलहाल निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रशासक के रूप में काम करते रहेंगे। इस फैसले के बाद गांवों में पंचायत का कामकाज पहले की तरह जारी रखने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि, अब सबसे अहम बात यह होगी कि राज्य सरकार निर्धारित समय के भीतर चुनाव कराने के लिए क्या कदम उठाती है और चुनाव की तैयारियां किस तरह आगे बढ़ती हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले होंगे यूपी पंचायत चुनाव?
हाई कोर्ट के आदेश के बाद एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव हो पाएंगे। अदालत ने पंचायत चुनाव कराने के लिए तीन महीने की समयसीमा तय की है, लेकिन चुनाव की तारीखों और पूरी प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम सामने आना जरूरी होगा। पंचायत चुनाव की प्रक्रिया में मतदाता सूची, आरक्षण, सीटों के निर्धारण और अन्य प्रशासनिक तैयारियों जैसे पहलू अहम होते हैं। ऐसे में तय समयसीमा के भीतर चुनाव कराने के लिए सरकार और संबंधित विभागों को काम में तेजी लानी होगी।
सुप्रीम कोर्ट जा सकती है सरकार, समय बढ़ाने का भी विकल्प
इस मामले में आगे कानूनी रास्ते भी खुले रह सकते हैं। यदि राज्य सरकार को लगता है कि तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं है, तो वह सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल करने का विकल्प अपना सकती है। इसके जरिए हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाने या चुनाव के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग की जा सकती है।

इसके अलावा सरकार के पास हाई कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने का विकल्प भी हो सकता है। हालांकि, सरकार आगे क्या कदम उठाएगी, इस पर अंतिम स्थिति उसके आधिकारिक फैसले और कानूनी प्रक्रिया से ही साफ होगी।
पंचायत चुनाव पर अब सरकार के अगले कदम पर नजर
इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर आगे की रणनीति अहम हो गई है। एक तरफ तीन महीने के भीतर चुनाव कराने का निर्देश है, तो दूसरी तरफ सरकार के पास उपलब्ध कानूनी विकल्पों पर भी नजर रहेगी। अब देखना होगा कि राज्य सरकार चुनाव की तैयारियां किस गति से पूरी करती है और क्या तय समयसीमा के भीतर मतदान की प्रक्रिया शुरू हो पाती है।











