UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शासन स्तर पर एक बड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर देर रात जारी हुई सूची में 40 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण 15 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदला जाना और परिवहन विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में नई नियुक्तियां करना है।
Weather Update: दिल्ली-NCR में लू का प्रकोप शुरू, जानें कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत
प्रमुख जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती
सरकार ने कई अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों की कमान सौंपी है। गौरांग राठी, जो वर्तमान में उन्नाव के डीएम थे, अब झांसी के नए जिलाधिकारी होंगे। वहीं, मनीष बंसल को सहारनपुर से हटाकर आगरा जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है। आगरा के पूर्व डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी अब मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
सुलतानपुर में विशेष सचिव ऊर्जा इंद्रजीत सिंह को नया डीएम बनाया गया है, जबकि सुलतानपुर के मौजूदा डीएम कुमार हर्ष को अब बुलंदशहर भेजा गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली जिले की कमान आलोक यादव को मिली है और शामली के पूर्व डीएम अरविंद कुमार चौहान अब सहारनपुर का कार्यभार संभालेंगे।
महिला अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल में महिला आईएएस अधिकारियों को भी प्रमुख पदों पर तैनात किया गया है। विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती का जिलाधिकारी बनाया गया है। सरनीत कौर ब्रोका, जो बाल विकास एवं पुष्टाहार की निदेशक थीं, अब रायबरेली की डीएम होंगी। इसके अलावा, निधि गुप्ता वत्स को अमरोहा से स्थानांतरित कर फतेहपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। दुर्गा शक्ति नागपाल, जो लखीमपुर खीरी की डीएम थीं, उन्हें पदोन्नत कर देवीपाटन मंडल का कमिश्नर बनाया गया है।
विकास प्राधिकरण और विभागीय स्तर पर बदलाव
जिलों के अलावा शासन और विकास प्राधिकरणों में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। नितिन गौड़ को अमरोहा का डीएम और अभिषेक गोयल को हमीरपुर का डीएम बनाया गया है। लखीमपुर खीरी की जिम्मेदारी अंजनी कुमार सिंह को सौंपी गई है, जबकि डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी अब मैनपुरी के डीएम होंगे। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बृजेश कुमार को औरैया का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
विभागीय स्तर पर देखें तो आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त बनाया गया है। किंजल सिंह अब माध्यमिक शिक्षा विभाग की सचिव होंगी। नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। शशि भूषण लाल सुशील को प्रमुख सचिव MSME बनाया गया है।









