UP MLC Election 2026: यूपी एमएलसी चुनाव में कहां डालेंगे वोट? ऑनलाइन चेक करें बूथ और वोटर लिस्ट

UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अगर आप स्नातक या शिक्षक क्षेत्र के मतदाता हैं, तो अब आपको अपना वोटिंग सेंटर ढूंढने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मतदाता अब घर बैठे ही ऑनलाइन अपने पोलिंग स्टेशन और वोटर लिस्ट में अपना क्रमांक (सीरियल नंबर) पता कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस पूरी प्रक्रिया और मतदान से जुड़े अहम नियमों की जानकारी साझा की है। घर बैठे ऑनलाइन पता करें अपना मतदान केंद्र बताते चले कि, उत्तर प्रदेश में विधान परिषद यानी एमएलसी चुनाव में

UP MLC Election 2026

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 19, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अगर आप स्नातक या शिक्षक क्षेत्र के मतदाता हैं, तो अब आपको अपना वोटिंग सेंटर ढूंढने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मतदाता अब घर बैठे ही ऑनलाइन अपने पोलिंग स्टेशन और वोटर लिस्ट में अपना क्रमांक (सीरियल नंबर) पता कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस पूरी प्रक्रिया और मतदान से जुड़े अहम नियमों की जानकारी साझा की है।

घर बैठे ऑनलाइन पता करें अपना मतदान केंद्र

घर बैठे ऑनलाइन पता करें अपना मतदान केंद्र

बताते चले कि, उत्तर प्रदेश में विधान परिषद यानी एमएलसी चुनाव में वोट डालने की तैयारी कर रहे मतदाताओं के लिए राहत की खबर है। अब आपको अपना मतदान केंद्र पता करने या मतदाता सूची में क्रम संख्या जानने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे ऑनलाइन ही यह जानकारी हासिल कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश के 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू होगी और शाम 4 बजे तक चलेगी।

वोट डालने से पहले जान लें अपना बूथ

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र और मतदाता सूची में नाम के सामने दर्ज क्रम संख्या की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई है। इसका फायदा उठाकर मतदाता पहले से ही यह पता कर सकते हैं कि उन्हें किस बूथ पर वोट डालने जाना है। इससे मतदान के दिन बूथ ढूंढने में होने वाली परेशानी से बचा जा सकेगा। खासकर उन मतदाताओं के लिए यह सुविधा उपयोगी है, जिन्हें अपने मतदान केंद्र की सही जानकारी नहीं है।

MLC चुनाव में वोटर लिस्ट में नाम कैसे चेक करें?

MLC चुनाव में वोटर लिस्ट में नाम कैसे चेक करें?

अगर आप भी अपना मतदान केंद्र और मतदाता सूची में क्रम संख्या जानना चाहते हैं, तो इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर जाना होगा। वेबसाइट के मुख्य पेज पर एक पॉपअप नोटिफिकेशन दिखाई देगा, जिस पर “Search your polling station by name for Graduate and Teacher Constituency” लिखा होगा। इस विकल्प पर क्लिक करने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

ऑनलाइन बूथ सर्च करने के लिए अपनाएं ये तरीका

सबसे पहले संबंधित स्नातक या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चयन करें। इसके बाद अपना जिला चुनें। अब अपना नाम, किसी संबंधी का नाम या दोनों नाम दर्ज करने का विकल्प मिलेगा। जरूरत के मुताबिक नाम की पहली या दूसरी प्रविष्टि भी भर सकते हैं। इसके बाद स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड दर्ज करें। सारी जानकारी भरने के बाद संबंधित मतदाता को अपने मतदान केंद्र और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी मिल जाएगी।

वोट डालने के लिए कौन-सा पहचान पत्र जरूरी?

वोट डालने के लिए कौन-सा पहचान पत्र जरूरी?

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदान के समय मतदाताओं को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र यानी वोटर आईडी दिखाना होगा। अगर किसी वजह से कोई मतदाता वोटर आईडी नहीं दिखा पाता है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में चुनाव आयोग की ओर से मान्य वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर अपनी पहचान साबित की जा सकती है।

वोटर आईडी नहीं है तो ये दस्तावेज भी आएंगे काम

वैकल्पिक पहचान पत्रों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों और अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों की ओर से कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र भी मान्य होंगे। सांसदों, विधायकों और पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र के साथ संबंधित शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की शैक्षणिक संस्था की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र भी दिखाया जा सकता है।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र भी वैकल्पिक पहचान दस्तावेज के रूप में मान्य होगा। इसके अलावा सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण पत्र और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

23 अक्टूबर को मतदान से पहले जरूर कर लें ये काम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन का इंतजार करने के बजाय पहले ही वेबसाइट पर अपना मतदान केंद्र और मतदाता सूची में क्रम संख्या चेक कर लें। साथ ही, निर्धारित पहचान पत्र अपने पास रखें और मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। इससे मतदान के दिन होने वाली अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।