
UP IPS Transfer: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने दशहरे की छुट्टी के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। बुधवार को जारी आदेश के तहत दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। अशोक कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश नागरिक सुरक्षा का पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। वहीं, डीके ठाकुर से नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। इस बदलाव के बाद दोनों अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
योगी सरकार का बड़ा फैसला

बताते चले किस उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी अशोक कुमार सिंह को नागरिक सुरक्षा विभाग की कमान सौंपी गई है। वह अभी तक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ में पुलिस महानिदेशक और सदस्य सचिव के पद पर तैनात थे। अब उन्हें नई जिम्मेदारी देते हुए उत्तर प्रदेश नागरिक सुरक्षा का पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
इस नियुक्ति के बाद नागरिक सुरक्षा विभाग का कामकाज अब अशोक कुमार सिंह संभालेंगे। सरकार के इस फैसले को पुलिस प्रशासन में जिम्मेदारियों के नए बंटवारे के तौर पर देखा जा रहा है।
अब होमगार्ड विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे डीके ठाकुर
1994 बैच के आईपीएस अधिकारी ध्रुव कांत ठाकुर, जिन्हें डीके ठाकुर के नाम से भी जाना जाता है, अब केवल होमगार्ड विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह अभी तक पुलिस महानिदेशक और महासमादेष्टा, होमगार्ड, उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात थे। इसके साथ ही उनके पास पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी था।
बुधवार को जारी आदेश के बाद उनसे नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार हटा लिया गया है। अब वह पूरी तरह पुलिस महानिदेशक और महासमादेष्टा, होमगार्ड के पद पर काम करेंगे। इस बदलाव के साथ नागरिक सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी अलग अधिकारी को सौंप दी गई है।
यूपी में पहले भी हुआ था बड़ा आईपीएस फेरबदल
उत्तर प्रदेश में इससे पहले 7 अक्टूबर को भी बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। उस समय शासन ने 10 जिलों के पुलिस अधीक्षकों समेत कुल 20 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया था। इन तबादलों के तहत कई जिलों में पुलिस की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई थी।

इसी फेरबदल के दौरान एडीजी तकनीकी सेवाएं भगवान स्वरूप श्रीवास्तव को एडीजी क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। इससे पहले यह जिम्मेदारी एडीजी यातायात ए. सतीश गणेश संभाल रहे थे।
जिन जिलों में पुलिस अधीक्षकों की तैनाती बदली गई थी, उनमें बाराबंकी, बस्ती, जौनपुर, मुजफ्फरनगर, बलिया, हापुड़, मऊ, गाजीपुर, जालौन और बागपत शामिल थे।
बागपत, हापुड़ और जालौन में नए एसपी तैनात
7 अक्टूबर को हुए तबादलों में तीन नवपदोन्नत आईपीएस अधिकारियों को भी जिलों की जिम्मेदारी दी गई थी। डीजीपी के स्टाफ अफसर पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का एसपी बनाया गया था। आजमगढ़ में एएसपी सिटी के पद पर तैनात मधुवन कुमार सिंह को हापुड़ का एसपी नियुक्त किया गया, जबकि मथुरा में एएसपी रहे सुरेश चन्द्र रावत को जालौन की कमान सौंपी गई थी।
इसके अलावा लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त रहीं रवीना त्यागी को बाराबंकी का एसपी बनाया गया था। बस्ती के एसपी यशवीर सिंह को जौनपुर भेजा गया, जबकि जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पीएसी मुख्यालय में तैनाती दी गई थी।
कई अन्य आईपीएस अधिकारियों की भी बदली गई थी तैनाती
उस फेरबदल में मऊ, गाजीपुर, बलिया और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई थीं। एसपी मऊ कमलेश बहादुर को एसपी लोक शिकायत बनाया गया था। गाजीपुर के एसपी ईरज राजा को बलिया भेजा गया, जबकि बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई थी।

इसी तरह पीएसी की चौथी वाहिनी, प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का एसपी बनाया गया था। जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर और बागपत के एसपी सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया था।
कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में पुलिस विभाग के भीतर लगातार प्रशासनिक बदलाव देखने को मिले हैं। ताजा आदेश में नागरिक सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी अशोक कुमार सिंह को देकर डीके ठाकुर को होमगार्ड विभाग पर केंद्रित रखा गया है।











