UP Election 2027: BJP की चिंता बढ़ाएंगे चिराग? यूपी की 403 सीटों पर तैयारी शुरू

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चिराग पासवान ने बड़ा सियासी संदेश दिया है। LJP रामविलास राज्य की सभी 403 सीटों पर संगठनात्मक तैयारी करेगी। गठबंधन पर फैसला बाद में होगा, लेकिन सवाल यही है कि क्या चिराग की यह रणनीति BJP और NDA के समीकरणों को बदल देगी?

यूपी की 403 सीटों पर तैयारी शुरू

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 5, 2026

UP Election 2027: यूपी की राजनीति में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास ने अपनी सक्रियता बढ़ाने के साफ संकेत दे दिए हैं। रविवार को लखनऊ में पार्टी नेता रामविलास चौहान के जन्मदिन के मौके पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम को यूपी में एलजेपी (रामविलास) के संगठन विस्तार और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

वाल्मीकि से कावर झील तक, बिहार बना रहा इको-टूरिज्म का नया पर्यटन हब

यूपी की सभी 403 सीटों पर संगठन मजबूत करेगी पार्टी

चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक तैयारी करेगी। उन्होंने साफ किया कि अभी चुनाव अकेले लड़ने या गठबंधन के साथ मैदान में उतरने पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। पहले पार्टी जिलों में अपना संगठन मजबूत करेगी, जनता का मूड समझेगी और प्रदेश इकाई की रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

चिराग ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को सिर्फ संभावित सीटों तक अपनी तैयारी सीमित नहीं रखनी चाहिए। अगर गठबंधन होता है, तब भी मजबूत संगठन सहयोगी दलों के लिए मददगार साबित होता है। इसलिए पार्टी पूरे प्रदेश में अपनी उपस्थिति मजबूत करने पर काम करेगी।

रामविलास पासवान के सपनों का जिक्र

चिराग पासवान ने अपने पिता और पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश उनके दिल के बहुत करीब था। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर विकास और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूत करने में विश्वास रखते थे।

चिराग ने माना कि पिता के निधन के बाद पार्टी कुछ समय तक आंतरिक चुनौतियों में उलझी रही, जिससे संगठन विस्तार की गति प्रभावित हुई। अब पार्टी नई ऊर्जा के साथ उत्तर प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए मैदान में उतरी है।

गठबंधन पर अभी सस्पेंस बरकरार

गठबंधन के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि फिलहाल पार्टी की प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार और झारखंड में पार्टी ने गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा, जबकि नागालैंड में अकेले मैदान में उतरकर दो विधायक जीतने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि यूपी में भी हालात की समीक्षा के बाद केंद्रीय संसदीय बोर्ड अंतिम फैसला करेगा।

महाराजा सुहेलदेव और एनकाउंटर नीति पर बयान

महाराजा सुहेलदेव पासी को लेकर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर चिराग ने कहा कि महापुरुषों को राजनीति का विषय नहीं बनाना चाहिए, बल्कि उनके विचारों को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके समाज में महाराजा सुहेलदेव का विशेष सम्मान है और इस पर किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए।

भरत तिवारी एनकाउंटर और एनकाउंटर नीति पर चिराग ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। कानून का डर अपराधियों में होना चाहिए, लेकिन न्याय की प्रक्रिया निष्पक्ष रहनी चाहिए।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर जताई चिंता

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर चिराग पासवान ने कहा कि यह करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी और आस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में फिर दल-बदल की चर्चा, राउत ने किया 20 करोड़ वाला दावा

बांकीपुर उपचुनाव पर NDA की जीत का दावा

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि यह एनडीए की मजबूत सीट रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी एनडीए उम्मीदवार को जीत मिलेगी।