
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की राजनीति में अभी से हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव जहां पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA के फॉर्मूले के जरिए चुनावी माहौल बनाने में जुटे हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी उनकी रणनीति का जवाब तैयार करना शुरू कर दिया है। भाजपा की कोशिश है कि चुनाव की पूरी लड़ाई जातीय समीकरणों तक सीमित न रहे। इसके लिए पार्टी कानून-व्यवस्था, विकास, सुशासन और सरकारी योजनाओं को अपने प्रचार का मुख्य आधार बनाने की तैयारी में है।
2017 से पहले और बाद की तुलना से सपा को घेरने की तैयारी

बताते चले कि, भाजपा के चुनावी अभियान का एक बड़ा हिस्सा ‘2017 से पहले बनाम 2017 के बाद’ के मुद्दे पर आधारित हो सकता है। पार्टी मतदाताओं को सपा के पुराने शासनकाल की याद दिलाकर योगी सरकार के कामकाज से उसकी तुलना करना चाहती है। इसके लिए 1995 के चर्चित स्टेट गेस्ट हाउस कांड, 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों, अवैध खनन के आरोपों और माफिया को कथित राजनीतिक संरक्षण जैसे मुद्दों को चुनावी सभाओं में उठाने की रणनीति बनाई जा रही है।
भाजपा इन घटनाओं के जरिए सपा शासन के दौरान कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने की कोशिश करेगी। वहीं, योगी आदित्यनाथ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, सख्त पुलिसिंग और अपराध के खिलाफ कार्रवाई को अपनी उपलब्धि के रूप में पेश करेगी। पार्टी का जोर महिलाओं की सुरक्षा, बेहतर सड़कों, बिजली की उपलब्धता और अपराध नियंत्रण जैसे मुद्दों पर भी रहेगा।
छह क्षेत्रों में मेगा रैलियों से बनेगा चुनावी माहौल
आपको बता दे कि, भाजपा अपनी रणनीति को केवल लखनऊ या बड़े शहरों तक सीमित नहीं रखना चाहती। इसके लिए पश्चिमी यूपी, ब्रज, रुहेलखंड, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल सहित प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में मेगा रैलियां और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों के कामकाज को जनता के सामने रखा जाएगा। एक्सप्रेसवे नेटवर्क, नए एयरपोर्ट, बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और औद्योगिक निवेश को विकास के प्रमुख उदाहरण के तौर पर पेश किया जाएगा। इसके साथ ही मुफ्त राशन और दूसरी सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाने पर भी जोर रहेगा।
मोदी-योगी मॉडल से PDA की राजनीति को चुनौती देने की तैयारी

भाजपा की कोशिश है कि अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले के मुकाबले सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को एक बड़े सामाजिक समूह के रूप में सामने लाया जाए। पार्टी का मानना है कि योजनाओं का लाभ पाने वाले गरीब, किसान, महिलाएं, युवा और पिछड़े वर्ग के लोग उसके लिए मजबूत समर्थन आधार बन सकते हैं।
इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने की तैयारी है। भाजपा अपने प्रचार में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे को भी प्रमुखता से रख सकती है। पार्टी की रणनीति जातीय पहचान के बजाय विकास और सरकारी योजनाओं के लाभ को चुनावी चर्चा का केंद्र बनाने की है।
किसान, युवा और महिलाओं पर रहेगा भाजपा का खास फोकस
ग्रामीण इलाकों में किसानों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा पीएम-किसान सम्मान निधि की किस्तों, गन्ना भुगतान और कृषि से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से उठाएगी। वहीं युवाओं को साधने के लिए पारदर्शी सरकारी भर्तियों और रोजगार के अवसरों को चुनावी प्रचार का हिस्सा बनाया जाएगा। महिलाओं के बीच सुरक्षा, बिजली, राशन और दूसरी कल्याणकारी योजनाओं के जरिए पहुंच बढ़ाने की कोशिश होगी।
बूथ मैनेजमेंट और पन्ना प्रमुखों को फिर मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

भाजपा का मानना है कि चुनाव केवल बड़ी रैलियों से नहीं जीता जा सकता। इसके लिए पार्टी बूथ स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पन्ना प्रमुखों और बूथ कमेटियों को हर घर तक पहुंचने, मतदाताओं से बातचीत करने और स्थानीय मुद्दों का फीडबैक जुटाने की जिम्मेदारी दी जा सकती है।इसके साथ ही सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बेहतर करने पर भी जोर रहेगा। पार्टी नेतृत्व की कोशिश होगी कि चुनाव से पहले अंदरूनी गुटबाजी और आपसी नाराजगी को दूर किया जाए।
भाजपा के सामने संगठन और सियासी समीकरण की चुनौती
भाजपा की प्रस्तावित रणनीति में विकास, कानून-व्यवस्था, किसान, युवा, महिला मतदाता और बूथ मैनेजमेंट जैसे कई मुद्दे शामिल हैं। हालांकि, चुनाव में इन रणनीतियों का कितना असर होगा, यह आने वाले समय में साफ होगा। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी PDA के जरिए सामाजिक समीकरण मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में 2027 का चुनाव केवल मोदी-योगी बनाम अखिलेश की लड़ाई नहीं, बल्कि विकास के दावों, जातीय गोलबंदी और जमीनी संगठन की ताकत के बीच मुकाबला बन सकता है।











