UP News: यूपी में होली पर शराब पीकर गाड़ी चलाई तो होगी जेल, सीएम योगी ने पुलिस को दिए कड़े निर्देश

उत्तर प्रदेश में होली और रमजान के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और परिवहन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। शराब पीकर गाड़ी चलाने, बिना हेलमेट/सीटबेल्ट और ओवरस्पीडिंग पर भारी जुर्माना होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी और पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

फ़रवरी 28, 2026

UP News:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी होली और रमजान के मद्देनजर राज्य की कानून-व्यवस्था और परिवहन प्रणाली को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए खुद मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के उल्लास के बीच आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (DM), पुलिस अधीक्षकों (SP) और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को दफ्तरों के बजाय सीधे फील्ड में उतरकर स्थिति की निगरानी करने का सख्त आदेश दिया है।

गर्मियों का आगाज: मार्च के पहले हफ्ते में गुजरात-महाराष्ट्र में बढ़ेगा तापमान, दिल्ली का मौसम जानें

यातायात नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए परिवहन और पुलिस विभाग को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि त्योहारों के दौरान अक्सर लापरवाही के कारण हादसे होते हैं, जिन्हें रोकने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। आदेश के मुताबिक, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, ओवरस्पीडिंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ भी प्रशासन सख्त रुख अपनाएगा।

ड्रंक ड्राइविंग पर जीरो टॉलरेंस

होली के दौरान हुड़दंग और नशे में गाड़ी चलाने की घटनाओं को रोकने के लिए सीएम योगी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया है कि जो भी व्यक्ति शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाए, उसके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर ब्रेथ एनालाइजर के साथ सघन चेकिंग की जाए ताकि शांति और सुरक्षा बनी रहे।

यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन

त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाने का आदेश दिया है। लंबी दूरी की यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए अब बसों में दो ड्राइवरों की तैनाती अनिवार्य कर दी गई है, ताकि थकान की वजह से कोई दुर्घटना न हो। साथ ही, परिवहन विभाग को स्पष्ट किया गया है कि किसी भी हाल में अनफिट या खटारा बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।

फील्ड में उतरेंगे अफसर

प्रशासनिक चुस्ती बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की जवाबदेही तय कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर काम करें और क्षेत्र में लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाएं। यदि किसी भी क्षेत्र में लापरवाही की शिकायत मिलती है, तो संबंधित वरिष्ठ अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी डिपो और बस स्टेशनों पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

अपराधियों पर नकेल और छुट्टियों पर रोक

होली के साथ-साथ रमजान का महीना भी चल रहा है, जिसे देखते हुए राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीएम योगी ने कुख्यात अपराधियों और उपद्रवियों पर पैनी नजर रखने और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में तनाव की स्थिति न पैदा हो, इसके लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां पहले ही रद्द की जा चुकी हैं, ताकि चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहे।

भील समुदाय से निशानेबाजी सीखे थे आजाद, उनके जन्मस्थान पर होगा बड़ा पार्क, CM का ऐलान