UP Assembly Special Session 2026: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का एक विशेष सत्र आज, गुरुवार (30 अप्रैल) को बुलाया गया है। इस सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी और इसमें महिला आरक्षण (संशोधन) विधेयक पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि इस दौरान विधानसभा और विधान परिषद दोनों सदनों में तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं।
इस विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करना और इसके पारित न हो पाने के प्रभावों पर चर्चा करना है। साथ ही राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर अपने रुख को दोबारा स्पष्ट करेगी।
एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और एयरपोर्ट से UP बना देश की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था
सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव की स्थिति
सत्र के दौरान राजनीतिक माहौल गरम रहने की पूरी संभावना है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विपक्षी दलों पर हमलावर रुख अपनाने की तैयारी में है। बीजेपी विपक्षी पार्टियों को “महिला विरोधी” बताते हुए निंदा प्रस्ताव लाने की बात कर रही है।
वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए “अति निंदा प्रस्ताव” लाने की घोषणा की है। इससे साफ है कि सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बहस देखने को मिल सकती है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार महिला आरक्षण जैसे गंभीर मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है, जबकि सत्ता पक्ष का कहना है कि विपक्ष ने महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को बाधित किया है।
महिला आरक्षण विधेयक पर विवाद और राजनीतिक बहस
महिला आरक्षण विधेयक का उद्देश्य देश की विधायिकाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 33 प्रतिशत तक बढ़ाना है। इस विधेयक में सदन की सदस्य संख्या बढ़ाने का प्रावधान भी शामिल था, ताकि अधिक महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिल सके। हाल ही में यह विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका, जिसके बाद देशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं। बीजेपी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाया और इसे महिला सशक्तिकरण के खिलाफ कदम बताया।
संसद में विधेयक गिरने की पृष्ठभूमि
लोकसभा में इस विधेयक पर लंबी बहस हुई थी, लेकिन इसे आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका। मतदान के दौरान विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि विरोध में 230 वोट आए। यह संख्या संवैधानिक रूप से आवश्यक समर्थन से कम रही, जिसके कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका। इस असफलता के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गरम हो गया है, और इसी मुद्दे पर अब यूपी विधानसभा में विशेष सत्र बुलाया गया है।









