Unnao News: उन्नाव में लोन नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। पानी बढ़ने के कारण ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालात का जायजा लेने के लिए सांसद डॉ. स्वामी साक्षी महाराज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और मौके पर स्थिति का निरीक्षण किया।
जयराजमऊ और पोरई गांव में पहुंचे साक्षी महाराज
बताते चले कि, सांसद डॉ. स्वामी साक्षी महाराज ने बाढ़ प्रभावित जयराजमऊ और पोरई गांव का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर बाढ़ से पैदा हुई समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रभावित परिवारों ने अपनी परेशानियां सांसद के सामने रखीं। सांसद ने लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन और सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
बाढ़ पीड़ित परिवारों को वितरित की राहत सामग्री
जयराजमऊ गांव में साक्षी महाराज ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की। उन्होंने अपने हाथों से पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री सौंपी। राहत किट में खाद्य सामग्री के अलावा रोजमर्रा की जरूरत का सामान भी शामिल था। राहत सामग्री मिलने से प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरत की चीजें उपलब्ध हो सकीं।सांसद ने इस दौरान ग्रामीणों से उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से भी प्रभावित इलाकों में राहत व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा।
साक्षी महाराज बोले- आपदा में सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी
जयराजमऊ में लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित किसी भी परिवार को भूखा-प्यासा नहीं रहने दिया जाएगा। प्रशासन को राहत सामग्री, भोजन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सांसद ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पानी अधिक बढ़ गया है, वहां जरूरत के मुताबिक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए और प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
पोरई गांव में मेडिकल कैंप, बाढ़ प्रभावितों की स्वास्थ्य जांच
पोरई गांव में बाढ़ प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप लगाया गया। कैंप में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं। बाढ़ के बीच बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह भी दी।
बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची बनाने के निर्देश
साक्षी महाराज ने गांव के ग्राम प्रधानों को प्रभावित परिवारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूची प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार की पहचान कर उसे आवश्यक राहत मुहैया कराई जा सके। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उद्देश्य यह है कि राहत सामग्री और सरकारी सहायता केवल कुछ इलाकों तक सीमित न रहे, बल्कि बाढ़ प्रभावित सभी जरूरतमंद परिवारों तक समय पर पहुंचे।
उन्नाव में बाढ़ से हालात पर प्रशासन की नजर
लोन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद उन्नाव के बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। राहत सामग्री वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं और बचाव कार्यों पर नजर रखी जा रही है। सांसद के दौरे के दौरान भी अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। फिलहाल प्रभावित ग्रामीणों को राहत और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर है।










