UGC NET June Result 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC NET जून 2026 परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं। इस बार UGC NET परीक्षा कुल 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी, हालांकि अभी 84 विषयों के परिणाम ही जारी किए गए हैं। अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के उम्मीदवारों को फिलहाल रिजल्ट के लिए इंतजार करना होगा, क्योंकि इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।
बिहार की बेटियों के लिए बड़ी सौगात, पीएचडी छात्राओं को 4 साल तक हर महीने मिलेंगे
6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
NTA की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 84 विषयों के लिए कुल 7,73,806 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें 4,30,195 महिला, 3,43,575 पुरुष और 36 थर्ड जेंडर अभ्यर्थी शामिल थे। इनमें से 6,07,151 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। UGC NET जून 2026 का आयोजन देशभर के 286 शहरों में बनाए गए 655 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा 22, 23, 24, 25, 29 और 30 जून तथा 5 जुलाई 2026 को अलग-अलग चरणों में आयोजित हुई थी।
JRF के लिए 4,241 उम्मीदवारों ने मारी बाजी
84 विषयों के घोषित परिणाम के अनुसार, कुल 4,241 अभ्यर्थी JRF यानी जूनियर रिसर्च फेलोशिप और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्र घोषित किए गए हैं। यह परीक्षा में शामिल कुल उम्मीदवारों का 0.70 प्रतिशत है। इसके अलावा 45,904 अभ्यर्थी असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD में एडमिशन के लिए योग्य पाए गए हैं। यह परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों का 7.56 प्रतिशत है। वहीं, 97,434 उम्मीदवारों को केवल PhD में प्रवेश के लिए पात्र घोषित किया गया है। इनकी हिस्सेदारी 16.05 प्रतिशत है।
तीन विषयों के रिजल्ट का अभी इंतजार
अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषय के उम्मीदवारों का परिणाम अभी जारी नहीं किया गया है। इन विषयों की परीक्षा सितंबर 2026 में दोबारा कराए जाने की जानकारी दी गई है। दरअसल, परीक्षा के दौरान इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में कथित तौर पर कई तरह की गलतियों और विसंगतियों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों की समीक्षा के बाद NTA ने इन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया।
फाइनल आंसर की के बाद जारी हुआ रिजल्ट
रिजल्ट जारी करने से पहले NTA ने 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर की, प्रश्नपत्र और उम्मीदवारों के रिकॉर्ड किए गए जवाब वेबसाइट पर उपलब्ध कराए थे। अभ्यर्थियों को 16 से 18 अगस्त 2026 के बीच आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया था। प्राप्त आपत्तियों की विशेषज्ञों की ओर से समीक्षा की गई। इसके बाद फाइनल आंसर की तैयार की गई और अब परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया है।
एएनएम मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित, 10,272 उम्मीदवार अगले चरण के
UGC NET Result 2026 ऐसे करें चेक
अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड देखने के लिए सबसे पहले UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होम पेज पर UGC NET June 2026 Result/Score Card लिंक पर क्लिक करें। अब मांगी गई लॉगिन जानकारी दर्ज करके सबमिट करें। इसके बाद स्क्रीन पर आपका स्कोरकार्ड दिखाई देगा। उम्मीदवार इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें। जरूरत पड़ने पर इसका प्रिंटआउट भी निकाला जा सकता है।










