U19 World Cup Final 2026: क्रिकेट के उभरते सितारों का सबसे बड़ा महाकुंभ, अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026, अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने वाली दो दिग्गज टीमें, भारत और इंग्लैंड, शुक्रवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर विश्व विजेता बनने के इरादे से उतरेंगी। दोनों ही टीमों ने अब तक एक भी मैच नहीं गंवाया है, जिससे प्रशंसकों को एक हाई-वोल्टेज फाइनल की उम्मीद है।
U19 World Cup 2026: भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, रिकॉर्ड 10वीं बार फाइनल में बनाई जगह
भारतीय अंडर-19 टीम का विश्व रिकॉर्ड
बताते चले कि, टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान की चुनौती को पार करते हुए रिकॉर्ड 10वीं बार वर्ल्ड कप फाइनल में प्रवेश किया है। भारत की यह निरंतरता अविश्वसनीय है, क्योंकि यह लगातार छठी बार है जब भारतीय टीम खिताबी मुकाबला खेल रही है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के नाम 6 बार फाइनल खेलने का रिकॉर्ड था, लेकिन भारतीय युवाओं ने अब इस उपलब्धि को काफी पीछे छोड़ दिया है। कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुवाई में भारतीय दल एक बार फिर ट्रॉफी को घर लाने के लिए तैयार है।
इंग्लिश टीम की घातक फॉर्म और खिताबी चुनौती
आपको बता दे कि, दूसरी तरफ, इंग्लैंड अंडर-19 क्रिकेट टीम ने भी इस टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत कायम रखी है। सेमीफाइनल में पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया को हराकर इंग्लैंड ने फाइनल का टिकट पक्का किया। इंग्लिश टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी यूनिट में गजब का तालमेल नजर आ रहा है। बिना कोई मैच हारे फाइनल तक पहुँची इंग्लैंड की टीम भारतीय शेरों को कड़ी टक्कर देने का दम रखती है, जिससे मुकाबला बराबरी का होने की संभावना है।
क्या कहते हैं आंकड़े और हेड-टू-हेड रिकॉर्ड?
जब हम अंडर-19 यूथ वनडे (Youth ODI) के आंकड़ों पर नजर डालते हैं, तो भारतीय टीम का पलड़ा स्पष्ट रूप से भारी दिखता है। अब तक दोनों टीमें कुल 55 बार एक-दूसरे के खिलाफ खेली हैं, जिसमें से भारत ने 41 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं इंग्लैंड मात्र 13 बार जीत का स्वाद चख सका है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। हालांकि, फाइनल जैसे दबाव वाले मैच में आंकड़ों से ज्यादा उस दिन का खेल मायने रखता है, और इंग्लैंड इस अंतर को पाटने की पूरी कोशिश करेगा।
कब और कहां देखें लाइव फाइनल मुकाबला?
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का यह महामुकाबला 6 फरवरी (शुक्रवार) को जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा। भारतीय प्रशंसकों के लिए समय की बात करें तो मैच का टॉस दोपहर 12:30 बजे होगा और खेल की पहली गेंद दोपहर 1:00 बजे डाली जाएगी। भारत में इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports) पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल दर्शक जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।
खिताबी मुकाबले के लिए दोनों देशों का संभावित स्क्वाड
भारतीय टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एमान, एरॉन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उदय मोहन, हेमिल पटेल, खिलान ए. पटेल, हर्षवर्धन सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी
इंग्लैंड टीम: थॉमस रेव (कप्तान), फरहान अहमद, रॉकी अलर्ट, बिल वीसन, बेन डॉकिन्स, कालेब फॉल्कनर, अली फारूक, एलेक्स फ्रेंच, एलेक्स ग्रीन, ल्यूक हेंडरसन, मैनी लार्डन, बेन मेयर, जेम्स मीटो, जो मूर्स, सेबेस्टियन मॉर्गन
हर किसी का काम नहीं कॉमेंट्री – MS धोनी ने बताया माइक्रोफोन से दूरी का असली कारण










