IND U19 vs AFG U19: Team India फिर रचेगी इतिहास? सेमीफाइनल का पूरा रोमांच यहां देखें

अंडर-19 विश्व कप 2026 के रोमांचक सेमीफाइनल में आज अजेय भारत का सामना अफगानिस्तान से होगा। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने वाले इस महामुकाबले में भारतीय टीम अपनी छठी खिताबी जीत की ओर कदम बढ़ाएगी, जबकि अफगानिस्तान पहली बार फाइनल में पहुँचकर इतिहास रचना चाहेगा। गेंदबाजी की धार और बल्लेबाजी का संयम इस मैच का फैसला करेगा।

ind u19 vs afg u19

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

फ़रवरी 4, 2026

IND U19 vs AFG U19: हरारे के ऐतिहासिक हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आज क्रिकेट जगत की नजरें अंडर-19 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल पर टिकी हैं। भारतीय युवा ब्रिगेड, जो अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय रही है, अपनी बादशाहत बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी। दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने अपने जुझारू प्रदर्शन से पहली बार खिताब के करीब पहुंचने की उम्मीदें जगाई हैं। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न केवल कौशल बल्कि मानसिक मजबूती की भी परीक्षा होगा।

सेमीफाइनल जंग में टीम इंडिया फेवरेट, अफगान चुनौती के बीच वैभव सूर्यवंशी से विस्फोटक पारी की आस

अजेय भारतीय टीम और अंडर-19 विश्व कप में खिताबी दावेदारी

आपको बता दे कि, भारतीय टीम इस समय शानदार फॉर्म में है और पूरे टूर्नामेंट के दौरान उसका संतुलन अद्वितीय रहा है। बल्लेबाजी में गहराई और गेंदबाजी में पैनापन भारत की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। रिकॉर्ड बुक पर नजर डालें तो टीम इंडिया इस स्तर पर विश्व की सबसे सफल टीम है, जिसने अब तक 6 बार ट्रॉफी अपने नाम की है। पिछले पांच संस्करणों में लगातार फाइनल खेलने का रिकॉर्ड भारतीय निरंतरता और प्रतिभा का प्रमाण है। आज के मैच में भी भारत को फाइनल का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

भारत बनाम अफगानिस्तान यूथ वनडे रिकॉर्ड

इतिहास और आंकड़ों की बात करें तो भारत का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 12 यूथ वनडे मैच खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 10 मुकाबलों में जीत का परचम लहराया है। अफगानिस्तान के खाते में केवल 2 जीत आई हैं, जो उन्होंने 2019 में लखनऊ की धरती पर हासिल की थी। हालांकि, 2024 के आखिरी मुकाबले में भारत ने 9 विकेट की एकतरफा जीत दर्ज की थी, लेकिन सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर अफगानिस्तान के उलटफेर करने की क्षमता को कम करके नहीं आंका जा सकता।

अफगानिस्तान की बल्लेबाजी और फैसल सिनोजादा का विस्फोटक फॉर्म

अफगानिस्तान के लिए इस विश्व कप में ‘एक्स-फैक्टर’ फैसल सिनोजादा रहे हैं। सिनोजादा ने 5 मैचों में शानदार 325 रन बनाए हैं, जिसमें एक शानदार शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनके अलावा गेंदबाजी में नूरिस्तानी ओमरजई ने 12 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों की नाक में दम कर रखा है। अफगानिस्तान की पूरी उम्मीदें इन दो खिलाड़ियों के इर्द-गिर्द सिमटी हैं, जो अपने दम पर मैच का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं।

घातक भारतीय गेंदबाजी और विपक्षी टीमों पर मनोवैज्ञानिक दबाव

भारतीय गेंदबाजी इस टूर्नामेंट में अभेद्य दीवार साबित हुई है। हेनिल पटेल 11 विकेटों के साथ आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं, जबकि आरएस अंबरीश और खिलान पटेल ने 8-8 विकेट लेकर उनका बखूबी साथ दिया है। भारतीय गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस पूरे टूर्नामेंट में अब तक कोई भी विपक्षी टीम भारत के खिलाफ 200 रनों का आंकड़ा भी नहीं छू सकी है। कप्तान आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा की पार्ट-टाइम स्पिन गेंदबाजी ने भी बीच के ओवरों में रनों की गति पर लगाम लगाने का काम बखूबी किया है।

टेस्ट क्रिकेट में आने वाला है नया दौर! नियमों में 73 बड़े बदलावों पर लगी मुहर