Tuglakabad Fire: राजधानी दिल्ली में आग लगने के हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि इमारत में धुआं भरने के कारण कई अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दमकल विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर रिहाइशी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आधी रात को पार्किंग में भड़की आग
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तुगलकाबाद की गली नंबर-1, नया तारा अपार्टमेंट के पास स्थित एक पांच मंजिला इमारत में हुआ। रात के करीब 2:25 बजे दमकल नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
जांच में सामने आया कि आग की शुरुआत इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने पार्किंग एरिया से हुई थी। वहां खड़ी तीन स्कूटी, दो बाइक और एक साइकिल ने अचानक आग पकड़ ली। वाहनों की टंकियों में पेट्रोल होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गाड़ियों के जलने से निकला जहरीला और गाढ़ा धुआं पूरी बहुमंजिला इमारत की सीढ़ियों के रास्ते ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे गहरी नींद में सो रहे लोग अंदर ही फंस गए और उनका दम घुटने लगा।
दमकल विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए युद्ध स्तर पर बचाव कार्य (Resue Operation) शुरू किया। सहायक मंडल अधिकारी (ADO) यशवंत मीणा ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर से उठी आग ने पहली और दूसरी मंजिल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जबकि तीसरी, चौथी और पांचवीं मंजिल को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा।
बिल्डिंग के भीतर फंसे लोगों को बचाने के लिए दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की एक टीम सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंची। छत का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे दमकल कर्मियों ने कटर से काटा। छत का ताला काटकर टीम बिल्डिंग के भीतर दाखिल हुई और वहां फंसी दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इन्हें तुरंत कैट्स (CATS) एम्बुलेंस और पीसीआर (PCR) वैन की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
सुबह तक पाया जा सका आग पर काबू
दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 3:45 बजे आग पर नियंत्रण पाया जा सका, और सुबह 4:00 बजे तक इसे पूरी तरह बुझा दिया गया। आग बुझने के बाद भी सुबह देर तक सर्च और कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे में कोई और न फंसा हो। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान दमकल विभाग ने सूझबूझ दिखाते हुए कुल 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अब आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है।
Weather Update: यूपी में गरजेंगे बादल, बरसेंगे ओले! जानें किन जिलों में सबसे ज्यादा असर










