Trump-Meloni: अमेरिका और उसके पारंपरिक यूरोपीय सहयोगियों के बीच कूटनीतिक तनाव एक नए चरम पर पहुंच गया है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर बेहद तीखा और सीधा हमला बोला है। मेलोनी ने ट्रंप के बयानों को पूरी तरह से “मनगढ़ंत और झूठी कहानी” करार दिया। उन्होंने बेहद कड़े लहजे में कहा कि उन्हें यह देखकर गहरी हैरानी और दुख होता है कि अमेरिका का राष्ट्रपति अपने ही सबसे भरोसेमंद सहयोगी देशों के साथ इस तरह का अमर्यादित व्यवहार करता है।
US Iran Tensions: ईरान ने अमेरिका की शर्तें ठुकराईं, डील पर अटका मामला
मेलोनी का पलटवार
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बिना किसी लाग-लपेट के ट्रंप के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के बयान तथ्यों से कोसों दूर हैं और राजनीति में इस तरह का आचरण बेहद शर्मनाक है। मेलोनी ने अपने संबोधन की शुरुआत में ही कहा, “कुछ झूठ ऐसे होते हैं जिनका तुरंत और स्पष्ट जवाब देना जरूरी होता है। डोनाल्ड ट्रंप के बयान पूरी तरह से काल्पनिक हैं। सच कहूं तो मैं उनके इस स्तर पर उतरने से बेहद हैरान और स्तब्ध हूं।” मेलोनी ने संकेत दिया कि ट्रंप उन वैश्विक नेताओं और ताकतों के प्रति बेहद नरम रुख अपनाते हैं, जिनकी नीतियां सीधे तौर पर पश्चिमी देशों के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मित्र देशों पर दबाव बनाना बहुत आसान काम है, लेकिन असली नेतृत्व तब दिखता है जब आप अपने प्रतिद्वंद्वियों के सामने मजबूती से खड़े हों।
अपने बयान के अंत में मेलोनी ने ट्रंप को सबसे कड़ा संदेश देते हुए कहा, “एक बात अमेरिकी राष्ट्रपति को अच्छी तरह याद रखनी चाहिए—मैं और इटली की जनता कभी किसी के आगे भीख नहीं मांगते और न ही हम कभी झुकेंगे।”
अपमान के विरोध में इटली के विदेश मंत्री ने रद्द की अपनी अमेरिका यात्रा
डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद इटली सरकार ने इसे देश के आत्मसम्मान से जोड़ दिया है। इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने इस पर बेहद कड़ी आपत्ति जताई है।
तजानी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के खिलाफ राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा की गई गंभीर और अपमानजनक टिप्पणी केवल हमारी प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे इटली और उसके नागरिकों का अपमान है। हम इसे कतई बर्दाश्त नहीं कर सकते।” इस अपमान के विरोध स्वरूप विदेश मंत्री तजानी ने 21 और 22 जून को होने वाली अपनी प्रस्तावित आधिकारिक अमेरिका यात्रा को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है।
क्या था डोनाल्ड ट्रंप का विवादित दावा?
यह पूरा विवाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस इंटरव्यू के बाद शुरू हुआ जो उन्होंने हाल ही में ‘La7’ टीवी चैनल को दिया था। इस इंटरव्यू में ट्रंप ने दावा किया था कि जी7 (G7) शिखर सम्मेलन के दौरान इटली की प्रधानमंत्री उनके साथ एक अदद तस्वीर खिंचवाने के लिए मिन्नतें कर रही थीं। “जॉर्जिया मेलोनी ने G7 समिट में मेरे साथ फोटो खिंचवाने के लिए मानो गुहार लगाई थी। मुझे उनकी स्थिति पर तरस आ गया, इसलिए दया खाकर मैंने उनके साथ तस्वीर खिंचवा ली। मैं चाहता तो मना भी कर सकता था, लेकिन मुझे उन पर दया आ गई। शायद वह इस बात से बहुत खुश होंगी कि मैंने उनसे बात कर ली, जबकि मुझे उनसे बात करने की कोई खास जरूरत नहीं थी।”
ट्रंप के इसी अहंकारी और अपमानजनक दावे ने अब रोम से लेकर वॉशिंगटन तक एक बड़ा कूटनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई है।
इजरायल में ट्रंप की लोकप्रियता को झटका, सिर्फ 11% लोगों ने माना युद्ध का विजेता










