Mobile Subscribers: भारत में मोबाइल कनेक्शन की संख्या लगातार बढ़ रही है। दूरसंचार इलाके के ताजा आंकड़ो के अनुसार, अगस्त 2026 में देश में 55 लाख से ज्यादा नए वायरलेस मोबाइल ग्राहक जुड़े। इसके साथ ही भारत का कुल मोबाइल सब्सक्राइबर बेस बढ़कर करीब 129.34 करोड़ हो गया है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने अगस्त महीने के टेलीकॉम सब्सक्रिप्शन आंकड़े 28 सितंबर को जारी किए।
IIT Madras Technology: जमीन के 2.3 किमी नीचे छिपे तेल का चलेगा पता,
अगस्त में मोबाइल सब्सक्राइबर्स में 0.43 फीसदी बढ़ोतरी

आपको बता दें कि, TRAI के आंकड़ों के अनुसार अगस्त के अंत तक भारत में वायरलेस मोबाइल सब्सक्राइबर्स की संख्या 1,293.43 मिलियन यानी करीब 129.34 करोड़ रही। जुलाई की तुलना में इसमें 5.51 मिलियन यानी लगभग 55.1 लाख ग्राहकों की वृद्धि हुई। इस तरह महीने-दर-महीने मोबाइल सब्सक्राइबर बेस में करीब 0.43 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया। हालांकि, मोबाइल ग्राहकों की इस वृद्धि में शहरी क्षेत्रों की हिस्सेदारी ग्रामीण इलाकों की तुलना में काफी अधिक रही।
शहरों में मोबाइल कनेक्शन की रफ्तार ज्यादा
अगस्त में शहरी क्षेत्रों में वायरलेस मोबाइल कनेक्शन की संख्या 0.70 फीसदी बढ़कर करीब 74.88 करोड़ हो गई। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल सब्सक्राइबर बेस में महज 0.06 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह आंकड़ा करीब 54.46 करोड़ पहुंचा। इससे पता चलता है कि अगस्त के दौरान मोबाइल कनेक्शन बढ़ने की गति शहरों में गांवों के मुकाबले अधिक रही।
नए ग्राहक जोड़ने में Jio सबसे आगे
अगस्त में टेलीकॉम कंपनियों के बीच नए मोबाइल ग्राहक जोड़ने के मामले में Reliance Jio सबसे आगे रही। कंपनी ने करीब 24 लाख नए ग्राहक अपने नेटवर्क से जोड़े।इसके बाद Bharti Airtel का स्थान रहा, जिसने करीब 21.1 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े। वहीं Vodafone Idea (Vi) के ग्राहक आधार में लगभग 5.06 लाख की वृद्धि हुई। सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने भी अगस्त में करीब 4.93 लाख नए ग्राहक जोड़े।
Jio और Airtel के ग्राहक आधार में बढ़ोतरी

अगस्त के दौरान सिर्फ Jio और Airtel को मिलाकर ही 45 लाख से अधिक नए मोबाइल ग्राहक जुड़े। महीने के अंत तक Jio का मोबाइल सब्सक्राइबर बेस करीब 50.84 करोड़, जबकि Airtel का ग्राहक आधार लगभग 49.16 करोड़ रहा।
कुल टेलीफोन कनेक्शन भी बढ़े

मोबाइल कनेक्शन के अलावा देश में कुल टेलीफोन सब्सक्राइबर बेस में भी अगस्त के दौरान बढ़ोतरी दर्ज की गई। वायरलेस और वायरलाइन कनेक्शन को मिलाकर भारत में कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या करीब 1.36 अरब पहुंच गई, जबकि जुलाई में यह लगभग 1.35 अरब थी। इसी अवधि में देश की कुल टेली-डेंसिटी बढ़कर 95.07 फीसदी हो गई।
ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या भी बढ़ी
TRAI के आंकड़ों में ब्रॉडबैंड सेक्टर में भी वृद्धि दिखाई दी। अगस्त में भारत का कुल ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर बेस बढ़कर करीब 1.10 अरब हो गया, जो जुलाई में लगभग 1.09 अरब था। महीने-दर-महीने इसमें करीब 0.61 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। कुल मिलाकर TRAI के अगस्त आंकड़े बताते हैं कि भारत में मोबाइल, टेलीफोन और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी का विस्तार जारी है। हालांकि, मोबाइल ग्राहकों की नई वृद्धि में शहरी क्षेत्रों की हिस्सेदारी अधिक रही, जबकि ग्रामीण इलाकों में बढ़ोतरी की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही।
UPI Charges: UPI चार्ज पर SC का बड़ा फैसला, केंद्र-RBI समेत संबंधित पक्षों को










