Kal ka mausam: मई का महीना अपने आधे सफर को पार कर चुका है और इसी के साथ देश भर में सूरज के तेवर बेहद तल्ख हो गए हैं। उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश राज्य इस समय भीषण लू (Heatwave) की चपेट में हैं, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, कल यानी 21 मई 2026 को भी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में चिलचिलाती धूप और गर्मी का सितम जारी रहेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि देश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। आइए जानते हैं कल कैसा रहेगा देश भर के मौसम का मिजाज।
Twisha Sharma Death Case: मुर्दाघर में रखा शव, फरार पति और कोर्ट में सवालों से गरमाया ट्विशा केस
दिल्ली में लू और यूपी में ‘रेड अलर्ट’
दिल्ली-एनसीआर में गंभीर हीटवेव: राजधानी दिल्ली में 21 मई को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, जिससे धूप का सीधा असर दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में गंभीर लू (Severe Heatwave) जैसी स्थिति बन सकती है। दिन के समय 15 से 25 किमी/घंटे की रफ्तार से गर्म पछुआ हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 35 किमी/घंटे तक पहुंच सकते हैं। दिल्लीवासियों को इस तपिश से 26 मई तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
यूपी में लगातार बढ़ते पारे को देखते हुए आईएमडी ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया है। राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही क्षेत्रों में 24 मई तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान 40 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाले गर्म हवा के थपेड़े (लू) लोगों को बेहाल करेंगे।
राजस्थान के अधिकांश जिलों में सूरज की आग बरस रही है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म दर्ज की जा सकती हैं। साथ ही धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है।
आंधी-बारिश का डबल अलर्ट
जहां उत्तर भारत गर्मी से तप रहा है, वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मौसम मेहरबान रहने वाला है:
बिहार, झारखंड और बंगाल
बिहार में 26 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। झारखंड में 21 से 26 मई के बीच मौसम खराब रहने की आशंका है। वहीं, पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों और ओडिशा में 21 से 24 मई के दौरान तेज आंधी और आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 मई से बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। विशेषकर अरुणाचल प्रदेश में 23 और 24 मई को ‘बहुत भारी बारिश’ का अलर्ट है, जबकि असम-मेघालय में 25 मई तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण भारत: मानसून की आहट और राहत की बौछारें
दक्षिण भारत के राज्यों में मानसूनी गतिविधियों के चलते मौसम सुहाना बना हुआ है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, केरल और लक्षद्वीप में 24 मई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे यहां के लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। तेलंगाना और रायलसीमा में भी 21 मई को तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने निर्धारित समय से थोड़ा पहले यानी 26 मई 2026 के आसपास केरल के तट पर दस्तक दे सकता है। हालांकि, इसमें 4 दिन आगे या पीछे होने की गुंजाइश बनी हुई है।
पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी का असर पहाड़ों पर भी दिख रहा है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 21 मई को विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर में तेज आंधी और तूफानी हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते ही आम आदमी पर डबल मार, एक्सपर्ट बोले- अब और बढ़ेगी महंगाई










