Kal Ka Mousam : देशभर में कल यानी 25 मई 2026 (सोमवार) से भीषण गर्मी के सबसे क्रूर दौर यानी ‘नौतपे’ की शुरुआत होने जा रही है, जो 2 जून तक चलेगी। हालांकि, इस भीषण तपिश के बीच मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में जहां एक तरफ प्रचंड हीटवेव (लू) का प्रकोप रहेगा, वहीं दूसरी तरफ मानसून की आहट के बीच देश के 15 राज्यों में तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी है।
Haryana Weather: हरियाणा में 45 डिग्री पार तापमान, जल्द मिलेगी बारिश से राहत
दिल्ली-एनसीआर और यूपी
देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं, लेकिन आने वाले दिनों में यहां बदलाव देखने को मिल सकता है। दिल्ली में 28 मई तक लू का प्रकोप जारी रहेगा, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, कल धूल भरी तेज हवाएं चलने और हल्की बूंदाबांदी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 25 से 29 मई तक लू चलने का अलर्ट है। लेकिन मेरठ, शामली, बुलंदशहर और सहारनपुर समेत लखनऊ, कानपुर, नोएडा, आगरा व वाराणसी में तेज हवाओं के साथ आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश
देश के मध्य और पश्चिमी हिस्से में सूरज की तपिश लोगों को सबसे ज्यादा परेशान करने वाली है। अगले 4 दिनों तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और बेहद गर्म रहेगा। 26-27 मई को पश्चिमी राजस्थान में पारा रिकॉर्ड तोड़ सकता है। हालांकि, 28-29 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से 50-60 किमी की रफ्तार से आंधी और हल्की बारिश की उम्मीद है। एमपी में अगले 3 दिनों तक भीषण गर्मी का तांडव दिखेगा। मौसम विभाग ने ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और रीवा संभाग समेत करीब 40 जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार और झारखंड
पूर्वी भारत के इन दोनों राज्यों में गर्मी के साथ-साथ प्री-मानसून गतिविधियों में तेजी आने वाली है। पटना, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में 25 और 26 मई को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान उमस भरे मौसम के साथ तेज आंधी चलने की आशंका है।आईएमडी ने गढ़वा, पलामू और चतरा में लू का अलर्ट जारी किया है, लेकिन अन्य जिलों में 25 मई से अगले 6 दिनों तक वज्रपात (बिजली चमकने) और मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल
दोनों राज्यों में कल भीषण गर्मी का कहर जारी रहेगा और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। जम्मू मंडल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के कारण सरकार ने स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश (समर वेकेशन) घोषित कर दिया है। पहाड़ों में भी झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर के लिए 26-27 मई को लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण भारत और ओडिशा
दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक के साथ ही भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। नीलगिरि, कोयंबटूर, मदुरै और वेल्लोर समेत 10 से अधिक जिलों में 26 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। केरल और लक्षद्वीप में भी अगले 4-5 दिनों तक मूसलाधार बारिश होगी। राज्य के संबलपुर, कटक और पुरी समेत कई जिलों में 28 मई तक लू का येलो अलर्ट लागू रहेगा।
महाराष्ट्र के वर्धा, अकोला और अमरावती में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण आम जनजीवन के साथ-साथ फसलों और खेती पर भी इसका बुरा असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।
Weather Update: यूपी में आसमान से बरस रही आग, लोगों को घरों में रहने की सलाह










