Kal ka mausam : देश के बड़े हिस्से में इस समय मौसम के दो बेहद विपरीत रूप देखने को मिल रहे हैं। उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाके जहाँ रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, झुलसाने वाली लू (Heatwave) और तपती रातों की मार झेल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में झमाझम बारिश तथा आंधी का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस पूरे हफ्ते मैदानी राज्यों में खतरनाक उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर का सितम जारी रहेगा, जबकि कुछ राज्यों में आंधी-पानी से हल्की राहत मिलने की भी उम्मीद है। आइए जानते हैं 22 मई को आपके राज्य में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
धमतरी हादसे का LIVE VIDEO वायरल, पिकअप की चपेट में आने से युवक की मौत
दिल्ली में ‘ऑरेंज अलर्ट’
देश की राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों को फिलहाल इस जानलेवा गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिल्ली में दिन के साथ-साथ अब रातें भी बेहद गर्म और बेचैन करने वाली हो गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने पिछले 14 वर्षों में मई महीने की सबसे गर्म रातों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। IMD ने दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। 22 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने का अनुमान है और दिनभर तेज थपेड़ों वाली लू चलने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश में ‘रेड अलर्ट’
उत्तर प्रदेश में सूर्य देव का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है, जिसमें पूर्वांचल (पूर्वी यूपी) के कई जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया गया है। यहाँ दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाएं (लू) चलेंगी। यूपी का बांदा जिला लगातार चौथे दिन 48 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया। इस जानलेवा तपन और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शासन ने प्रदेश के कई प्रभावित जिलों में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दे दिया है।
राजस्थान और छत्तीसगढ़
राजस्थान के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक यहाँ मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, जिससे ‘हीटवेव’ और ‘वॉर्म नाइट’ (गर्म रात) की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, 22 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ चुनिंदा इलाकों में धूलभरी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी और गरज-चमक होने से पारे में आंशिक गिरावट आ सकती है। उधर, छत्तीसगढ़ में भी रायपुर समेत कई जिलों में पारा 43 डिग्री के पार है, जहाँ अगले तीन से पांच दिनों तक तेज लू चलने की चेतावनी दी गई है।
जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु
जम्मू-कश्मीर में इस समय मौसम के दो रंग एक साथ देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जम्मू संभाग के सांबा में पारा 45.7 डिग्री और जम्मू शहर में 43 डिग्री के पार पहुँचने से लोग बेहाल हैं। वहीं दूसरी तरफ, कश्मीर घाटी के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु में चेन्नई का तापमान फिर से 42 डिग्री सेल्सियस को छू गया है। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है, जिससे जल्द ही दक्षिण भारत को राहत मिलेगी।
पंजाब, बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर
तपन के बीच देश के कुछ राज्यों के लिए राहत भरी खबर भी है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 मई को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बिहार में 22 मई और उसके बाद 24 से 27 मई के बीच तेज आंधी और बारिश (आंधी-पानी) के आसार बन रहे हैं। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में भी धूलभरी आंधी चलने की उम्मीद है। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड सहित सभी पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
NEET UG Leak: नीट लीक मामले में सरकार पर बरसे राहुल गांधी, धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग










