Weather Update : मानसून की विदाई के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और नागालैंड में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वी भारत में फिर बढ़ेगा बारिश का असर
पूर्वी भारत के कई राज्यों में 3 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में 3 और 4 अक्टूबर को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। पूर्वी यूपी के गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही, अयोध्या, सुल्तानपुर और बस्ती में 3 अक्टूबर की शाम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी यूपी में 7 अक्टूबर और पूर्वी यूपी में 5 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलेगा
उत्तराखंड में 3 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। इसके बाद 5 से 8 अक्टूबर के बीच भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 7 अक्टूबर को उत्तराखंड के कई हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में भी मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

मध्य भारत में बारिश के साथ तेज हवाएं
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 3 अक्टूबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आने वाले दिनों में भी दोनों राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में 60 KM की रफ्तार से हवाएं
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 3 से 8 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। लोगों को मौसम बिगड़ने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में भी बारिश
कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 3 से 8 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ में 3 अक्टूबर को बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का अलर्ट है। केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में भी बारिश का दौर बना रह सकता है।
समुद्र और किसानों के लिए भी सावधानी
मौसम में बदलाव को देखते हुए समुद्री इलाकों में मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पश्चिम बंगाल के तट पर तेज और तूफानी हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। किसानों को भी खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
आज प्रमुख शहरों का तापमान
3 अक्टूबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। लखनऊ में 34 और 24 डिग्री, पटना में 33 और 24 डिग्री, जयपुर में 36 और 23 डिग्री तथा मुंबई में 37 और 26 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है। शिमला में अधिकतम 24 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
Read More : Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, फाइनल से दूर रहेंगे मोहसिन नकवी










