‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आज दूसरा दिन, नमो घाट पर दिखेगा वायुसेना की ताकत और पराक्रम

पहले दिन करीब पांच लाख लोगों ने घाटों और गंगा पार की रेती से देखा था हवाई प्रदर्शन वाराणसी धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में आज एक बार फिर गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम की झलक देखने को मिलेगी। भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के दूसरे दिन जांबाज पायलट लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के जरिए रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना से काशी का आसमान गूंजेगा। वहीं, चिनूक हेलीकॉप्टर के जरिए

Wrriten By :

Editor

Published On :

अक्टूबर 23, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

पहले दिन करीब पांच लाख लोगों ने घाटों और गंगा पार की रेती से देखा था हवाई प्रदर्शन

वाराणसी
धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में आज एक बार फिर गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम की झलक देखने को मिलेगी। भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के दूसरे दिन जांबाज पायलट लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के जरिए रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना से काशी का आसमान गूंजेगा। वहीं, चिनूक हेलीकॉप्टर के जरिए जवानों का प्रदर्शन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति नमो घाट से एयर शो देखेंगे।

हवाई करतबों में दिखेगी वायुसेना की तकनीकी दक्षता और काशी की सांस्कृतिक झलक
गंगा के ऊपर आयोजित यह एयर शो भारतीय वायुसेना की हवाई क्षमता, तकनीकी दक्षता और सटीक परिचालन का प्रदर्शन करने के साथ युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी बन रहा है। विमानों की तेज रफ्तार, आपसी तालमेल और अलग-अलग फॉर्मेशन के जरिए वायुसेना के जवान अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। तीन किरण प्रशिक्षण विमानों द्वारा ‘काशी’ फॉर्मेशन बनाते हुए तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरना भी इस आयोजन का खास आकर्षण है। शिव और गंगा की पहचान से जुड़े नामों तथा विभिन्न हवाई फॉर्मेशन के जरिए प्रदर्शन में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिल रही है। आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, हवाई प्रदर्शन में कुल 100 विमान भाग ले रहे हैं। ये विमान देशभर के 12 वायु अड्डों से उड़ान भर रहे हैं।

पहले दिन उमड़ा था जनसैलाब, आज भी दर्शकों में उत्साह
22 अक्टूबर को एयर शो के पहले दिन करीब पांच लाख लोगों ने घाटों और गंगा पार की रेती से विमानों के हैरतअंगेज करतब देखे थे। गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और आसमान में उनकी सटीक उड़ानों ने लोगों को रोमांचित कर दिया था। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में आयोजन को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।एयर शो के जरिए लोगों को भारतीय वायुसेना की क्षमता और देश की सुरक्षा में उसके योगदान को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। दूसरे दिन भी दर्शकों के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना के बीच आयोजन को लेकर उत्साह बना हुआ है।

सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए प्रशासन के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन और पुलिस ने एयर शो देखने आने वाले लोगों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दर्शक व्यवस्थित तरीके से आयोजन का आनंद ले सकें। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर आयोजन के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के साथ दर्शकों की आवाजाही को सुगम बनाने पर है।

2