Telangana Crime News: चाकू से 27 वार कर प्रिंसिपल की हत्या, पुलिस को ऐसे मिला आरोपी छात्रों का सुराग

तेलंगाना के नलगोंडा में प्रिंसिपल रूपा रेड्डी की हत्या ने सनसनी मचा दी। घर में उन पर चाकू से 27 वार किए गए। जांच के दौरान आखिरी फोन कॉल में बोले गए ‘बाबू’ शब्द और बरामद नकदी से पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके बाद स्कूल के दो नाबालिग छात्रों तक जांच पहुंची।

चाकू से 27 वार कर प्रिंसिपल की हत्या

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 20, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

Telangana Crime News: तेलंगाना के नलगोंडा जिले में प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल रूपा रेड्डी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक हफ्ते से ज्यादा समय बाद बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इसी स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के दो नाबालिग छात्रों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि चोरी करते पकड़े जाने के डर से दोनों ने प्रिंसिपल की हत्या की साजिश रची थी।

Share Market Today: शेयर बाजार ने मारी जोरदार वापसी, सेंसेक्स 500 अंक उछला, इन फैक्टर्स ने बदली तस्वीर

घर में अकेली थीं प्रिंसिपल, 27 बार चाकू से हमला

35 वर्षीय रूपा रेड्डी 11 अगस्त को अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने उन पर चाकू से 27 बार वार किया था। मामले की जांच में एक अहम सुराग उस आखिरी फोन कॉल से मिला, जो रूपा ने अपनी आंटी से की थी। फोन कटने से ठीक पहले उन्होंने कथित तौर पर ‘बाबू’ शब्द कहा था। इसी शब्द ने जांचकर्ताओं का ध्यान स्कूल के छात्रों की तरफ खींचा और पुलिस ने इस एंगल पर जांच आगे बढ़ाई।

हत्या के बाद बदल गया छात्रों का व्यवहार

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दो नाबालिग छात्र वारदात के बाद अचानक पैसे खर्च कर रहे थे। दोनों दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे और उनके पास खर्च करने के लिए बड़ी रकम थी। पुलिस ने बुधवार सुबह दोनों को हिरासत में लिया। इनमें से एक छात्र के पास से करीब 1.51 लाख रुपये नकद और एक आईफोन बरामद किया गया।शुरुआत में छात्र ने पुलिस को बताया कि यह पैसा उसके माता-पिता ने दिया था। हालांकि, पुलिस की फॉरेंसिक जांच में बरामद नकदी पर कथित तौर पर इंसानी खून के निशान मिले। इसके बाद जांच और गहराई से की गई।

पहले भी चोरी के आरोप में पकड़ा गया था छात्र

नलगोंडा के एसपी शरत चंद्र पवार के मुताबिक, जांच में सामने आया कि हत्या से करीब 15 दिन पहले रूपा रेड्डी ने एक नाबालिग छात्र को संदिग्ध हालत में पकड़ा था। उसके बैग में मोबाइल फोन और नकदी मिली थी। बताया गया कि इस घटना के बाद छात्र को डांट लगाई गई और हॉस्टल से भी निकाल दिया गया था। पुलिस को शक है कि इसी घटना के बाद छात्र के मन में प्रिंसिपल के खिलाफ नाराजगी पैदा हुई और उसने उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई।

फीस के पैसों पर थी नजर

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अंदेशा था कि 11 अगस्त को स्कूल में फीस जमा होने के कारण रूपा रेड्डी के घर में बड़ी मात्रा में नकदी हो सकती है। इसी अनुमान के आधार पर कथित तौर पर वारदात की योजना बनाई गई। पुलिस का दावा है कि हत्या से करीब पांच दिन पहले दोनों ने योजना तैयार की थी। उन्होंने कथित तौर पर चाकू और दस्ताने का इंतजाम किया और इलाके की रेकी भी की। सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन की जानकारी जुटाने का भी आरोप है।

दीवार फांदकर घर में घुसा था एक आरोपी

वारदात वाले दिन एक छात्र कथित तौर पर घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ, जबकि दूसरा बाहर इंतजार कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, प्रिंसिपल के उसे पहचान लेने और चोरी की शिकायत करने के डर से आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी करीब 2.5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने अपने कपड़े एक नाले में फेंक दिए।

दोनों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया

पुलिस ने दोनों नाबालिगों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया है। उन्हें जुवेनाइल होम भेजने की प्रक्रिया चल रही है। शुरुआत में पुलिस ने मामले में प्रिंसिपल के पति से भी पूछताछ की थी, लेकिन आगे की जांच में छात्रों की कथित भूमिका सामने आई। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कथित चोरी और पुरानी घटना के अलावा हत्या के पीछे के वास्तविक मकसद की जांच अभी जारी है।

सम्राट चौधरी कैबिनेट का बड़ा फैसला, बक्सर-भागलपुर के बीच बनेगा छह लेन ग्रीनफील्ड