Tejashwi Yadav RJD Lok Bhavan March: लोकभवन मार्च पर गरमाई बिहार की सियासत, तेजस्वी पर गिरिराज-संजय का बड़ा हमला

तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी पर राजनीतिक जमीन बचाने के लिए प्रदर्शन करने का आरोप लगाया। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मार्च को असफल कोशिश बताते हुए कहा कि जनता का विश्वास केवल विरोध और नारों से वापस नहीं पाया जा सकता।

Tejashwi Yadav RJD Lok Bhavan March

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 19, 2026

Tejashwi Yadav RJD Lok Bhavan March:  आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को लेकर बीजेपी ने जोरदार हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उनके मार्च को राजनीतिक ड्रामा करार दिया। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव अलग-अलग राज्यों में छात्रों के मुद्दों को लेकर अलग-अलग रुख अपनाते हैं और बिहार में अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं।

गिरिराज सिंह बोले- छात्रों के मुद्दे पर तेजस्वी यादव की चुप्पी क्यों?

बताते चले कि, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि झारखंड में छात्रों के साथ अन्याय हुआ, तब तेजस्वी यादव ने यह कहते हुए बात को बाद के लिए टाल दिया कि बाद में इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। गिरिराज सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्यों किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी वजह वहां की सरकार को लेकर तेजस्वी यादव की राजनीतिक नजदीकी थी और वह अपने ही गुट की सरकार के कथित पाप को छिपाना चाहते थे।

गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है, लेकिन तेजस्वी यादव अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए अचानक सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता को परेशान करने के लिए पटना की सड़कों पर मार्च और प्रदर्शन करना किसी समस्या का समाधान नहीं है।

तेजस्वी यादव के मार्च पर संजय सरावगी का हमला

बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह मार्च जनसमर्थन का प्रदर्शन नहीं, बल्कि तेजस्वी यादव के राजनीतिक करियर को बचाने की एक और असफल कोशिश साबित हुआ है। संजय सरावगी के मुताबिक मार्च के दौरान न तो छात्रों का व्यापक समर्थन दिखाई दिया और न ही आम जनता में कोई खास उत्साह नजर आया।

BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले- घटती राजनीतिक स्वीकार्यता का प्रमाण

आपको बता दे कि, संजय सरावगी ने दावा किया कि तेजस्वी यादव का लोकभवन मार्च आरजेडी और उनके नेता की घटती राजनीतिक स्वीकार्यता को दिखाता है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति अब जनता के वास्तविक मुद्दों से दूर होती जा रही है और विरोध, आरोप तथा कैमरे के सामने प्रदर्शन तक सीमित रह गई है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार का युवा रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अवसर और विकसित बिहार चाहता है। ऐसे में केवल सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने से युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता। उन्होंने तेजस्वी यादव से जनता के वास्तविक मुद्दों पर ठोस विजन रखने की मांग की।

तेजस्वी यादव की ‘मार्च की राजनीति’ पर BJP का तंज

संजय सरावगी ने कहा कि राजनीति में जनता के दिल में जगह बनानी पड़ती है। सिर्फ मार्च निकालने, नारे लगाने और सरकार पर आरोप लगाने से जनता का विश्वास दोबारा हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरजेडी को पहले अपने भीतर झांकने की सलाह दी और कहा कि पार्टी को यह बताना चाहिए कि उसने अपने शासनकाल में जनता के लिए क्या काम किया।

रोजगार, किसान और शिक्षा पर BJP ने मांगा तेजस्वी से हिसाब

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव को बार-बार ‘मार्च की राजनीति’ करने के बजाय जनता के बीच जाकर अपने कार्यकाल, वादों और राजनीतिक विजन का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सत्ता में रहते हुए आरजेडी ने युवाओं, किसानों, महिलाओं, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में क्या ठोस काम किया।

फिलहाल तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को लेकर बिहार की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। आरजेडी जहां सरकार के खिलाफ अपने मुद्दों को लेकर सड़क पर उतर रही है, वहीं बीजेपी इसे राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश बता रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं।