T20 World Cup Final: आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम की शानदार जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। ऐसे में बॉलीवुड से लेकर राजनीति तक टीम इंडिया को बधाई दे रहे हैं, ऐसे में इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis ने भी भारतीय टीम को दिल से बधाई दी। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी जीतना पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि महाराष्ट्र सरकार इस उपलब्धि को सम्मान देने के लिए राज्य की विधानसभा और विधान परिषद में भारतीय टीम के लिए एक विशेष बधाई प्रस्ताव पेश करेगी। उनका मानना है कि यह जीत भारतीय क्रिकेट की ताकत और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रतीक है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ फाइनल मुकाबला
T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला Narendra Modi Stadium में खेला गया, जहां भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने हर विभाग में बेहतरीन खेल दिखाया। बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों और गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी के कारण न्यूजीलैंड की टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी।
कप्तान सूर्यकुमार यादव की टीम की तारीफ

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टीम के कप्तान Suryakumar Yadav की अगुवाई की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और खासतौर पर कुछ खिलाड़ियों ने अहम मौकों पर बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने बल्लेबाज Sanju Samson के योगदान की भी विशेष रूप से तारीफ की। फडणवीस के अनुसार, सैमसन ने पिछले तीन मुकाबलों में महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम की जीत में बड़ा योगदान दिया। उनके साथ अन्य खिलाड़ियों ने भी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि
इस जीत के साथ भारत ने कई नए रिकॉर्ड भी बनाए। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर अपना T20 वर्ल्ड कप खिताब सफलतापूर्वक बचा लिया। इसके साथ ही भारत अपनी ही धरती पर T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया। इतना ही नहीं, भारत लगातार दो बार यानी 2024 और 2026 में खिताब जीतने वाली भी पहली टीम बन गई। इससे पहले टीम इंडिया 2007 में भी यह ट्रॉफी जीत चुकी है, जिससे भारत अब तीन बार T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया है।
बल्लेबाजों ने बनाया रिकॉर्ड स्कोर
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि यह फैसला बाद में उनके लिए भारी साबित हुआ। भारतीय बल्लेबाज Abhishek Sharma ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उनकी इस पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने संजू सैमसन के साथ मिलकर 98 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसने टीम को मजबूत शुरुआत दी।
इसके बाद Ishan Kishan ने भी 25 गेंदों में 54 रन बनाकर शानदार योगदान दिया। सैमसन और किशन की शतकीय साझेदारी ने भारत को 16वें ओवर में ही 200 रन के पार पहुंचा दिया। अंत में Shivam Dube ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ आठ गेंदों में 26 रन बनाए, जिससे भारत का स्कोर 255/5 तक पहुंच गया। यह T20 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।
गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
बताते चलें कि, 256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट झटके।न्यूजीलैंड की ओर से Tim Seifert ने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन टीम को जीत के करीब नहीं पहुंचा सके। कप्तान Mitchell Santner ने भी कुछ संघर्ष किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके।
आखिरकार पूरी न्यूजीलैंड टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रनों से यह मुकाबला जीतकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हो गई।
IND vs NZ Final: टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल, भारत ने न्यूजीलैंड को दिया रिकॉर्ड 256 रनों का विशाल लक्ष्य










