T20 World Cup 2026: क्या पाकिस्तान की ‘जिद’ से टूटेगा 34 साल का इतिहास? भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर मचा कोहराम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले ही पाकिस्तान ने 15 फरवरी को होने वाले भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है। क्या पाकिस्तान का यह फैसला 34 साल पुराने वर्ल्ड कप इतिहास को बदल देगा? आईसीसी की भारी पेनल्टी और वॉकओवर के खतरे के बीच जानिए क्या है पूरी इनसाइड स्टोरी।

T20 World Cup 2026

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

फ़रवरी 5, 2026

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट फैंस जिस सबसे बड़े मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं, उस पर अनिश्चितता के काले बादल मंडरा रहे हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले महामुकाबले को लेकर पाकिस्तान ने अभी भी अड़ियल रुख अपनाया हुआ है। हालांकि, आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया है। दिलचस्प बात यह है कि इस विश्व कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। भारतीय टीम अपने अधिकांश मैच स्वदेश में खेलेगी, लेकिन पाकिस्तान के साथ भिड़ने के लिए उसे श्रीलंका का रुख करना होगा। रिपोर्ट के अनुसार, मैच हो या न हो, भारतीय टीम खेल भावना और अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए श्रीलंका जरूर जाएगी।

1992 से शुरू हुआ था विश्व कप में भिड़ंत का सिलसिला

क्रिकेट जगत में भारत-पाकिस्तान प्रतिद्वंद्विता का इतिहास वैसे तो बहुत पुराना है, लेकिन आईसीसी वर्ल्ड कप में इन दोनों टीमों की पहली भिड़ंत साल 1992 में हुई थी। 1975 में शुरू हुए विश्व कप के शुरुआती संस्करणों में इन दोनों दिग्गजों का सामना नहीं हुआ था। 1992 के बाद से यह मुकाबला इतना लोकप्रिय हो गया कि कई बार इसे टूर्नामेंट के फाइनल से भी बड़ी रेटिंग मिली। पिछले 34 वर्षों में इन दोनों टीमों के बीच होने वाला हर मैच प्रशंसकों के लिए भावनाओं का सैलाब लेकर आया है, लेकिन 2026 में यह सिलसिला टूटने की कगार पर है।

आईसीसी टूर्नामेंट्स के आंकड़े: टीम इंडिया का एकतरफा दबदबा

पिछले 34 सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो टीम इंडिया का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी नहीं, बल्कि बहुत भारी रहा है। 1992 से अब तक आईसीसी ने कुल 27 बड़े टूर्नामेंट (वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी) आयोजित किए हैं। इन आयोजनों में भारत और पाकिस्तान 22 बार आमने-सामने आए हैं। इन 22 मुकाबलों में से भारत ने 18 मैचों में शानदार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान केवल 4 बार ही जीत का स्वाद चख सका है। वनडे विश्व कप में तो पाकिस्तान आज तक भारत को एक बार भी हराने में कामयाब नहीं हो पाया है।

पाकिस्तान की गिने-चुने मौकों पर मिली जीत का इतिहास

पाकिस्तानी टीम के लिए आईसीसी टूर्नामेंट में भारत को हराना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रही है। विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान को एकमात्र जीत 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में मिली थी, जब उसने भारत को 10 विकेट से हराया था। इसके अलावा पाकिस्तान की बाकी तीन जीत चैंपियंस ट्रॉफी में आई हैं। साल 2004 में पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया, फिर 2009 में 54 रनों से जीत दर्ज की। पाकिस्तान की सबसे बड़ी जीत 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में आई थी, जहाँ उसने भारत को 180 रनों के बड़े अंतर से मात दी थी।

एशिया कप में भी भारत ने पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त

दोनों टीमों के बीच द्विपक्षीय सीरीज न होने के कारण अब केवल आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप ही ऐसे मंच बचे हैं जहाँ रोमांच देखने को मिलता है। साल 2025 के एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान पर अपना दबदबा पूरी तरह कायम रखा। उस दौरान हुए तीनों मुकाबलों में भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाई और फाइनल जीतकर खिताब भी अपने नाम किया। अब सवाल यह है कि क्या 15 फरवरी को फैंस को मैदान पर यह जंग देखने को मिलेगी या पाकिस्तान के बहिष्कार के फैसले से क्रिकेट प्रेमी निराश होंगे।

Read More : Tamil Nadu politics: तमिलनाडु के मंत्री का उत्तर भारतीयों पर विवादित बयान, हिंदी बनाम अंग्रेजी पर छिड़ी जंग