T20 World Cup 2026 New Zealand Team: न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने आगामी ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय आधिकारिक टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार चयनकर्ताओं ने अनुभव और युवा प्रतिभा के सटीक मिश्रण पर भरोसा जताया है। टीम की सबसे बड़ी खबर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर है; अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। सैंटनर के नेतृत्व में कीवी टीम इस वैश्विक टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ने और खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप से नाम वापस लिया, ICC के पास हैं ये संभावित कदम
कैप्टन मिचेल सैंटनर का नेतृत्व
बताते चले कि, न्यूजीलैंड की इस नई टीम में मिचेल सैंटनर को जिम्मेदारी सौंपना एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। सैंटनर को भारतीय उपमहाद्वीप की पिचों का गहरा अनुभव है, जो 2016 के वर्ल्ड कप के दौरान भी देखने को मिला था। कीवी टीम ने इस बार अपने स्पिन आक्रमण को विशेष मजबूती दी है। सैंटनर के साथ अनुभवी लेग-स्पिनर ईश सोढ़ी मुख्य भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा, टीम में माइकल ब्रेसवेल, ग्लेन फिलिप्स और रचिन रवींद्र जैसे बहुमुखी ऑलराउंडर शामिल हैं, जो स्पिन-फ्रेंडली विकेटों पर टीम को जबरदस्त संतुलन प्रदान करेंगे।
बल्लेबाजी क्रम में विस्फोटक गहराई और आक्रामक तेवर
ब्लैककैप्स की बल्लेबाजी यूनिट इस बार काफी घातक नजर आ रही है। टीम के पास फिन एलन और डेवोन कॉनवे जैसे सलामी बल्लेबाज हैं जो पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाने में सक्षम हैं। मध्यक्रम में डैरिल मिचेल और मार्क चैपमैन की मौजूदगी टीम को स्थिरता और आक्रामक फिनिश, दोनों प्रदान करती है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी टिम सीफर्ट के कंधों पर होगी, जो वर्तमान में बिग बैश लीग में अपनी फॉर्म दिखा रहे हैं और टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सीधे स्क्वॉड से जुड़ेंगे।
तेज गेंदबाजी और कीवी टीम का संतुलित गेंदबाजी मिश्रण
भले ही ध्यान स्पिन पर हो, लेकिन न्यूजीलैंड ने अपने पेस अटैक (Pace Battery) को नजरअंदाज नहीं किया है। लॉकी फर्ग्युसन की गति, मैट हेनरी की सटीकता और एडम मिल्ने का अनुभव किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने की क्षमता रखता है। साथ ही, जैकब डफी और अनुभवी ऑलराउंडर जेम्स नीशम टीम को वह गहराई देते हैं जिसकी जरूरत नॉकआउट मुकाबलों में पड़ती है। यह संतुलित गेंदबाजी आक्रमण हर तरह की परिस्थितियों में विकेट चटकाने के लिए तैयार है।
न्यूजीलैंड स्क्वॉड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमेन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल, एडम मिल्ने, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी










