T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच आज से शुरू हो चुका है। पहले दिन कुल 3 मुकाबले खेले जाएंगे,जिनमें से भारत का पहला मैच अमेरिका (USA) के बीच शाम 7 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए कई अहम अपडेट सामने आए हैं। सबसे बड़ा अपडेट यह है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आज का मैच नहीं खेलेंगे। वहीं ओपनिंग जोड़ी में भी बदलाव की संभावना है।
जसप्रीत बुमराह नहीं खेलेंगे पहला मैच

जानकारी के अनुसार जसप्रीत बुमराह की तबियत ठीक नहीं है और उन्हें वायरल बुखार है। इसी कारण टीम मैनेजमेंट ने उन्हें यूएसए के खिलाफ प्लेइंग 11 में शामिल नहीं करने का निर्णय लिया है। टीम मैनेजमेंट ने मैच से एक दिन पहले बुमराह को ग्राउंड पर देखा, लेकिन अभ्यास में उनकी उपस्थिति नहीं रही। टीम के लिए यह निर्णय जरूरी था ताकि बुमराह की सेहत बिगड़े नहीं और वे लंबी अवधि के लिए टूर्नामेंट में खेल सकें। इसके अलावा, हर्षित राणा भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है, जो शुक्रवार को ही स्क्वॉड के साथ जुड़ चुके हैं।
ओपनिंग जोड़ी में बदलाव की संभावना
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले हुई आखिरी सीरीज में भारत की ओपनिंग जोड़ी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा रही थी। हालांकि संजू सैमसन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह किसी भी मैच में बड़ा स्कोर नहीं कर पाए। ऐसे में आज के मैच में ओपनिंग जोड़ी में बदलाव की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, आज ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करेंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में भी यही जोड़ी ओपनिंग करती दिखी थी। संजू सैमसन को फिलहाल बेंच पर बैठना पड़ सकता है, जबकि ईशान किशन को मौका मिल सकता है।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
भारत की आज की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार हो सकती है:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज। इस टीम में तेज गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स का संतुलन रखा गया है, जिससे मुकाबले में भारत को हर परिस्थिति में दबाव बनाने का मौका मिलेगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का पूरा स्क्वॉड
टीम इंडिया का पूरा स्क्वॉड इस प्रकार है: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह। इस स्क्वॉड में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के सभी पहलुओं को कवर किया गया है, ताकि टीम विश्व कप में चुनौतीपूर्ण मुकाबलों के लिए तैयार रहे।










