T20 World Cup 2026: खेलना है तो भारत आओ! ICC ने बांग्लादेश की ‘वेन्यू शिफ्ट’ मांग पर सुनाया फैसला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच ठन गई है। बीसीबी ने सुरक्षा का डर दिखाकर मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की जिद की थी, लेकिन आईसीसी ने दो टूक कह दिया है कि सुरक्षा का कोई खतरा नहीं है। अब बांग्लादेश के पास सिर्फ दो रास्ते बचे हैं।

T20 World Cup 2026:

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 13, 2026

T20 World Cup 2026: 2026 टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने में अब एक महीने से भी कम समय बचा है, लेकिन बांग्लादेश का मामला अब तक सुलझा नहीं है। IPL से बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद BCB ने ICC से मांग की थी कि उनके मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं। BCB ने इसे सुरक्षा कारणों से जोड़कर प्रस्तुत किया था।ICC ने BCB के सुरक्षा दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। ICC की रिपोर्ट में कहा गया कि भारत में खिलाड़ियों और टीम स्टाफ के लिए कोई गंभीर सुरक्षा खतरा नहीं है। जांच में सुरक्षा का स्तर ‘Low to Moderate’ पाया गया, जो कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए सामान्य स्थिति मानी जाती है। हालांकि ICC ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

BCB और ICC के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस

ताजा जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ICC और BCB के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस मामले पर चर्चा करने पहुंचे। टूर्नामेंट शुरू होने में अब बेहद कम समय बचा है, लेकिन BCB अपनी जिद पर अड़ा हुआ है। उन्होंने ICC से अनुरोध किया कि उनके ग्रुप स्टेज के मैच भारत से श्रीलंका में स्थानांतरित किए जाएं।बैठक में BCB अध्यक्ष मोहम्मद अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष मोहम्मद शखावत हुसैन, फारूक अहमद, क्रिकेट संचालन समिति के अध्यक्ष नजमुल आबेदीन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजामुद्दीन चौधरी शामिल रहे। BCB ने एक बार फिर कहा कि यह निर्णय किसी राजनीतिक या खेल कारण से नहीं बल्कि खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम अधिकारियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।

ICC ने शेड्यूल बदलने से किया इनकार

ICC की तरफ से स्पष्ट किया गया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल पहले ही घोषित हो चुका है। ऐसे में किसी भी बड़े बदलाव की गुंजाइश लगभग नहीं है। ICC ने BCB से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की, लेकिन BCB फिलहाल अपने रुख में किसी तरह का बदलाव करने को तैयार नहीं है।मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अब BCB के पास केवल दो विकल्प बचे हैं। पहला, तय शेड्यूल के अनुसार भारत में मैच खेलना। दूसरा, टूर्नामेंट से नाम वापस लेना। ICC द्वारा सुरक्षा का खतरा ना मानने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि मैच शिफ्ट करना लगभग असंभव है।

बांग्लादेश ना खेले तो ICC ला सकती है दूसरी टीम

अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट से नाम वापस लेता है, तो ICC उनकी जगह किसी अन्य टीम को लाने पर विचार कर सकती है। हालांकि, यह इतने कम समय में आसान नहीं होगा। सूत्रों के अनुसार, संभावित विकल्प के तौर पर स्कॉटलैंड की टीम को चुना जा सकता है। ICC फिलहाल BCB से अपना फैसला बदलने का ही अनुरोध करती रहेगी।यह विवाद सीधे तौर पर T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों और शेड्यूल को प्रभावित कर रहा है। भारत में होटेल बुकिंग, वीजा प्रक्रिया और अन्य सभी व्यवस्थाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में अचानक किसी मैच को शिफ्ट करना प्रशासनिक और लॉजिस्टिक रूप से लगभग असंभव है। BCB और ICC के बीच आगामी दिनों में इस मसले पर और बातचीत जारी रहने की संभावना है।

सुरक्षा बनाम टूर्नामेंट शेड्यूल

इस विवाद का केंद्र सुरक्षा और टूर्नामेंट शेड्यूल है। ICC की ओर से सुरक्षा को सामान्य मानने के बाद बांग्लादेश का भारत से बाहर खेलने का अनुरोध फिलहाल ठुकराया गया है। अब केवल यह तय होना बाकी है कि BCB तय शेड्यूल को स्वीकार करेगा या पूरी टीम को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर करना पड़ेगा।

Read More: CM Yogi PRAGATI Portal: नए भारत की नई कार्यसंस्कृति,सीएम योगी ने खोला उत्तर प्रदेश की रफ़्तार का राज