T20 World Cup 2026: सभी 20 टीमों के कप्तानों का ऐलान, जानिए कौन है सबसे युवा और कौन सबसे उम्रदराज?

T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका के मैदानों पर शुरू होने जा रही है सदी की सबसे बड़ी क्रिकेट जंग। रोहित शर्मा के संन्यास के बाद सूर्यकुमार यादव के पास है खिताब बचाने की जिम्मेदारी, लेकिन उनके सामने होंगे 19 अन्य देशों के धुरंधर कप्तान। इटली के 42 वर्षीय वेन मैडसन से लेकर नेपाल के युवा रोहित पौडेल तक, जानिए कप्तानों के बारे में सब कुछ!

T20 World Cup 2026

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

फ़रवरी 3, 2026

T20 World Cup 2026:  ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है, जिसमें दुनिया की कुल 20 टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। श्रीलंका द्वारा 2 फरवरी को अपने स्क्वॉड की घोषणा के साथ ही टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों का ऐलान पूरा हो गया है। खास बात यह रही कि टीम इंडिया इस वर्ल्ड कप के लिए सबसे पहले, यानी 20 दिसंबर को ही अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर चुकी थी।

सभी टीमों के ऐलान के बाद कप्तानों पर नजर

अब जब सभी 20 टीमों के स्क्वॉड सामने आ चुके हैं, तो क्रिकेट फैंस की नजरें उन कप्तानों पर टिकी हैं जो अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व करेंगे। चार ग्रुप में बंटी इन टीमों में युवा कप्तानों से लेकर बेहद अनुभवी खिलाड़ियों तक का दिलचस्प मिश्रण देखने को मिल रहा है।

ग्रुप-ए: सूर्यकुमार यादव पर खिताब बचाने की जिम्मेदारी

ग्रुप-ए में भारतीय क्रिकेट टीम की कमान 35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। यह उनका पहला T20 वर्ल्ड कप होगा जिसमें वह कप्तानी करते नजर आएंगे। इससे पहले 2024 में रोहित शर्मा की अगुआई में भारत चैंपियन बना था। पाकिस्तान की कप्तानी 32 साल के सलमान अली आगा संभालेंगे। वहीं, नामीबिया की कमान 30 वर्षीय गेरहार्ड इरास्मस के पास होगी। नीदरलैंड्स का नेतृत्व 29 साल के स्कॉट एडवर्ड्स करेंगे और USA टीम के कप्तान 32 वर्षीय मोनंक पटेल होंगे, जिनका भारत से खास जुड़ाव रहा है।

ग्रुप-बी: अनुभव और ऑलराउंड क्षमता का संगम

ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया, ओमान, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका की टीमें शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया 34 वर्षीय मिचेल मार्श की कप्तानी में उतरेगा। आयरलैंड की कमान अनुभवी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग संभालेंगे। ओमान के कप्तान 36 वर्षीय जतिंदर सिंह होंगे। श्रीलंका की अगुआई 36 साल के दशुन शनाका करेंगे, जबकि जिम्बाब्वे की कप्तानी 39 वर्षीय सिकंदर रजा के हाथों में होगी, जो इस समय ICC T20I के नंबर-1 ऑलराउंडर हैं।

ग्रुप-सी: सबसे युवा और सबसे उम्रदराज कप्तान

ग्रुप-सी में इंग्लैंड, इटली, नेपाल, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज को जगह मिली है। इंग्लैंड की कप्तानी हैरी ब्रूक करेंगे। पहली बार T20 वर्ल्ड कप खेलने जा रही इटली टीम की कमान 42 वर्षीय वेन मैडसेन संभालेंगे, जो इस टूर्नामेंट के सबसे उम्रदराज कप्तान होंगे। नेपाल की कप्तानी सबसे युवा कप्तान 23 वर्षीय रोहित पौडेल के हाथों में होगी। स्कॉटलैंड का नेतृत्व 38 वर्षीय रिची बेरिंगटन और वेस्टइंडीज की कप्तानी 32 वर्षीय शे होप करेंगे।

ग्रुप-डी: राशिद खान से लेकर सैंटनर तक

ग्रुप-डी में अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और UAE की टीमें शामिल हैं। अफगानिस्तान की कप्तानी 27 वर्षीय राशिद खान करेंगे। कनाडा की टीम 23 साल के दिलप्रीत बाजवा के नेतृत्व में उतरेगी, जिनका जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था। न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सैंटनर संभालेंगे, जबकि साउथ अफ्रीका का नेतृत्व एडन मारक्रम करेंगे। UAE की कप्तानी 31 वर्षीय मुहम्मद वसीम के हाथों में होगी।

युवा जोश और अनुभव का दिलचस्प मुकाबला

T20 वर्ल्ड कप 2026 में कप्तानों की यह विविधता टूर्नामेंट को और भी रोमांचक बना रही है। युवा नेतृत्व और अनुभवी दिग्गजों के बीच यह मुकाबला तय करेगा कि आखिरकार कौन सी टीम ट्रॉफी पर कब्जा जमाने में सफल होती है।