T20 World Cup: भारत की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो चुका है। बतौर मौजूदा चैंपियन टीम इंडिया एक बार फिर खिताब की प्रबल दावेदार है, लेकिन टूर्नामेंट की शुरुआत के साथ ही भारतीय खेमे में खिलाड़ियों की सेहत को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। टीम के कई प्रमुख सितारे एक के बाद एक चोट और बीमारी का शिकार हो रहे हैं, जिससे कप्तान सूर्यकुमार यादव की रणनीति पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
यूएसए के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक शर्मा की अचानक बिगड़ी तबीयत
बताते चले कि, शनिवार, 7 फरवरी को भारत ने अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 161 रन टांगे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम की पारी के दौरान अचानक युवा ओपनर अभिषेक शर्मा मैदान से नदारद दिखे। पारी की शुरुआत में वह फील्डिंग कर रहे थे, लेकिन कुछ ही ओवरों के बाद उन्हें बाहर जाना पड़ा। डगआउट में भी उनकी अनुपस्थिति ने प्रशंसकों को हैरान कर दिया, क्योंकि मैदान पर उन्हें कोई गंभीर चोट लगते हुए नहीं देखा गया था।
सूर्यकुमार यादव का खिलाड़ियों की फिटनेस पर बड़ा खुलासा
आपको बता दे कि, मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्थिति स्पष्ट की। सूर्या ने बताया कि अभिषेक शर्मा अचानक बीमार पड़ गए थे, जिसके कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। इतना ही नहीं, कप्तान ने यह भी खुलासा किया कि मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी मैच से पहले तेज बुखार की चपेट में थे। हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस समस्याओं के बाद अभिषेक और बुमराह की खराब तबीयत ने टीम प्रबंधन के लिए सिरदर्द बढ़ा दिया है।
मोहम्मद सिराज ने मैच के बाद मीडिया से की बातचीत
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने मैच के बाद मीडिया से बातचीत में अभिषेक की स्थिति पर विस्तार से जानकारी दी। सिराज ने बताया कि स्टार ओपनर को अचानक पेट में तेज दर्द (Stomach Ache) महसूस हुआ, जिसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें दोबारा मैदान पर नहीं उतारा गया। अभिषेक की जगह संजू सैमसन ने सब्स्टीट्यूट फील्डर के रूप में मोर्चा संभाला। हालांकि, सिराज ने एक राहत भरी खबर भी दी कि अभिषेक की स्थिति अब स्थिर है और उनके अगले मैच तक पूरी तरह फिट होने की संभावना है।
नामीबिया के खिलाफ वापसी को बेकरार युवा ओपनर
अभिषेक शर्मा के लिए उनका आईसीसी टूर्नामेंट डेब्यू किसी बुरे सपने जैसा रहा। अमेरिका के खिलाफ वह बिना खाता खोले (गोल्डन डक) ही पवेलियन लौट गए। वह अपनी इस खराब शुरुआत की भरपाई 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले में करना चाहेंगे। टीम इंडिया को उम्मीद है कि अभिषेक न केवल स्वस्थ होकर लौटेंगे, बल्कि अपने बल्ले से वैसा ही धमाका करेंगे जैसा उन्होंने घरेलू सत्र और आईपीएल में किया था।
गाजा में इजरायल का घातक एयरस्ट्राइक, 3-मंजिला इमारत को किया निशाना, खौफनाक दृश्य कैमरे में कैद










