T.N. Cabinet portfolios: कैबिनेट गठन के साथ ही CM विजय का बड़ा एक्शन! मंत्रियों को बांटे विभाग, पुलिस महकमे में भी भारी फेरबदल!

तमिलनाडु लोक भवन द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय समेत 10 कैबिनेट मंत्रियों के विभागों का आवंटन कर दिया गया है।

T.N. Cabinet portfolios

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 16, 2026

T.N. Cabinet portfolios: तमिलनाडु में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सिफारिश पर राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर ने मंत्रियों के बीच विभागों का आधिकारिक बंटवारा कर दिया है। शनिवार 16 मई 2026 को लोक भवन की ओर से जारी सूची में मुख्यमंत्री समेत कुल 10 मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नई सरकार में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने गृह विभाग सहित कई अहम मंत्रालय अपने पास रखे हैं। इसके अलावा प्रशासन, पुलिस, महिला एवं युवा कल्याण और नगर प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभाग भी मुख्यमंत्री के अधीन रहेंगे। सरकार के इस विभागीय बंटवारे को आगामी प्रशासनिक रणनीति और शासन व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

CJI Surya Kant: ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ वाले बयान पर सीजेआई का बड़ा यू-टर्न! अचानक सामने आकर दी ये बड़ी सफाई

मुख्यमंत्री विजय के पास रहे कई महत्वपूर्ण मंत्रालय

आधिकारिक सूची के अनुसार मुख्यमंत्री जोसेफ विजय सार्वजनिक प्रशासन, भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय वन सेवा (IFS), जिला राजस्व प्रशासन और गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इसके साथ ही महिला कल्याण, युवा कल्याण, बाल कल्याण, बुजुर्ग एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग भी मुख्यमंत्री के अधीन रहेंगे। नगर निगम प्रशासन और शहरी जल आपूर्ति विभाग का कार्यभार भी उन्होंने अपने पास रखा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे पर विशेष फोकस करना चाहते हैं।

इन मंत्रियों को मिली अहम जिम्मेदारियां

नई कैबिनेट में एन. आनंद को ग्रामीण विकास, पंचायत, गरीबी उन्मूलन और सिंचाई परियोजनाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आधाव अर्जुना को लोक निर्माण विभाग, राजमार्ग और खेल विकास मंत्रालय सौंपा गया है।

डॉ. के.जी. अरुणराज को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग का प्रभार दिया गया है। वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी के.ए. सेंगोट्टैयन को सौंपी गई है, जबकि पी. वेंकटरामनन खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग संभालेंगे। ऊर्जा और कानून विभाग की जिम्मेदारी आर. निर्मल कुमार को दी गई है। वहीं राजमोहन को स्कूल शिक्षा, तमिल विकास और सूचना एवं प्रचार विभाग सौंपा गया है। इसके अलावा डॉ. टी.के. प्रभु को खनिज और खदान विभाग तथा सेल्वी एस. कीर्थना को उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग का जिम्मा दिया गया है।

प्रशासनिक संतुलन साधने की कोशिश

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विभागों के बंटवारे में क्षेत्रीय और प्रशासनिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है। कई महत्वपूर्ण विभाग ऐसे नेताओं को दिए गए हैं, जिन्हें प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के लिए जाना जाता है।

मुख्यमंत्री विजय ने खुद गृह विभाग अपने पास रखकर यह संकेत दिया है कि राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सुधार उनकी प्राथमिकता में रहेंगे। वहीं स्वास्थ्य, वित्त और उद्योग जैसे विभागों को भी अनुभवी नेताओं को सौंपा गया है।

पुलिस विभाग में भी बड़ा फेरबदल

मंत्रालयों के बंटवारे से पहले तमिलनाडु सरकार ने पुलिस विभाग में भी बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया था। 14 मई 2026 को राज्य सरकार ने 10 से अधिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया था। इनमें खुफिया शाखा के अधिकारी भी शामिल थे।

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार खुफिया शाखा में तैनात पुलिस महानिदेशक बी. बाला नागा देवी को चेन्नई साइबर अपराध शाखा का डीजीपी नियुक्त किया गया है। वहीं तमिलनाडु सहकारी दुग्ध उत्पादक परिसंघ के मुख्य सतर्कता अधिकारी राजीव कुमार को प्रशिक्षण पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।

नई सरकार से बढ़ीं उम्मीदें

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन और विभागों के बंटवारे के बाद अब जनता की नजरें मुख्यमंत्री विजय और उनकी टीम के कामकाज पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सरकार विकास, प्रशासनिक सुधार और जनकल्याण योजनाओं पर विशेष ध्यान दे सकती है। नई कैबिनेट के गठन के साथ ही राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में बड़ा टर्निंग पॉइंट, इसी महीने चुनाव नोटिस जारी होने के संकेत