Swine Flu Cases in Delhi: दिल्ली में मौसमी बीमारियों का प्रकोप, स्वाइन फ्लू के 48 नए मामले सामने आए

दिल्ली में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 30 अगस्त को 48 नए केस सामने आए हैं।

Swine Flu Cases in Delhi

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

सितम्बर 1, 2026

Swine Flu Cases in Delhi: दिल्ली में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता दिखाई दे रहा है। एक तरफ स्वाइन फ्लू यानी H1N1 के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है, तो दूसरी तरफ बारिश के बीच मच्छर जनित बीमारियों ने भी चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 अगस्त को दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 48 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही वर्ष 2026 में अब तक H1N1 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,629 हो गई है।

कुल मामलों में दिल्ली के 3,054 मरीज शामिल हैं, जबकि 575 मामले दिल्ली से बाहर के लोगों से जुड़े हैं। इसके अलावा फ्लूएंजा ए और बी के मामलों की कुल संख्या भी बढ़कर 5,029 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।

Delhi Hotel Case: दिल्ली होटल विवाद में चिराग पासवान का बड़ा ऐलान,

खांसी-जुकाम में घबराने की जरूरत नहीं

विशेषज्ञों के अनुसार, सामान्य खांसी, जुकाम या हल्के बुखार की स्थिति में हर बार अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, अगर तेज बुखार लगातार बना रहे, बहुत अधिक ठंड लगे या सांस लेने में परेशानी हो, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए और तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।

बारिश के साथ बढ़ा मच्छरों का प्रकोप

दिल्ली में बारिश के बाद मच्छरों की संख्या बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामले भी तेजी से बढ़े हैं। अगस्त में इन बीमारियों ने इस साल अब तक की सबसे तेज रफ्तार दर्ज की है। खासतौर पर डेंगू और मलेरिया के मामले अगस्त में किसी भी पिछले महीने की तुलना में ज्यादा रहे।

एमसीडी के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक डेंगू के 311 मामले सामने आए हैं। इनमें अकेले अगस्त में 90 केस दर्ज किए गए। जुलाई में डेंगू के 40 मामले थे, जबकि अगस्त में यह संख्या बढ़कर 90 हो गई। यानी एक महीने में मामलों में दोगुने से ज्यादा की वृद्धि हुई। इससे पहले अप्रैल में 52, मई में 35 और जून में 39 मामले सामने आए थे। अगस्त में अचानक हुई बढ़ोतरी ने मच्छर नियंत्रण अभियान को लेकर प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ा दी है।

पश्चिमी क्षेत्र में डेंगू के सबसे ज्यादा मामले

क्षेत्रवार आंकड़ों में पश्चिमी दिल्ली सबसे आगे है, जहां 47 डेंगू केस सामने आए हैं। इसके बाद मध्य क्षेत्र में 39, उत्तरी शाहदरा में 32, सिविल लाइंस में 28 और दक्षिणी क्षेत्र में 21 मामले दर्ज हुए हैं। सिटी एसपी में 19, नजफगढ़ में 18, रोहिणी में 17 और नरेला में 16 मामले सामने आए हैं।

अगस्त में मलेरिया की रफ्तार भी तेज

मलेरिया के मामलों में भी अगस्त के दौरान तेजी देखी गई। जनवरी से जुलाई तक कुल 66 मामले सामने आए थे, जबकि अकेले अगस्त में 53 नए मामले दर्ज हो चुके हैं। इस तरह 2026 में अब तक मलेरिया के कुल मामले 119 हो गए हैं और इनमें करीब आधे केस अगस्त में सामने आए हैं।

क्षेत्रवार बात करें तो पश्चिमी क्षेत्र में मलेरिया के 22 मामले सबसे अधिक हैं। दक्षिणी क्षेत्र में 17 और मध्य क्षेत्र में 16 मामले दर्ज किए गए हैं।

चिकनगुनिया के मामलों में भी बढ़ोतरी

चिकनगुनिया के मामले भले ही डेंगू और मलेरिया की तुलना में कम हैं, लेकिन अगस्त में इसकी रफ्तार भी बढ़ी है। जनवरी में एक, फरवरी में एक, मार्च में तीन, अप्रैल में दो, मई में चार, जून में तीन और जुलाई में तीन मामले सामने आए थे। अगस्त में अब तक आठ मामले दर्ज किए गए हैं।

बारिश के मौसम में मच्छरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोगों को घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छररोधी उपाय अपनाने और बुखार जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी जा रही है।

Delhi SIR Draft Voter List: 47.7 लाख नाम बाहर, सामने आया पूरा आंकड़ा; ऐसे चेक करें अपना नाम